Monday, May 18, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessStock Market Closing : बजट के एक दिन पहले लाल निशान पर...

Stock Market Closing : बजट के एक दिन पहले लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार,सेंसेक्स में 103 अंक की गिरावट,Nifty भी फिसला,जानें किन कंपनियों के शेयर रहे लाभ में

मुंबई, आम बजट पेश होने से एक दिन पहले सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में भारी बिकवाली के दबाव से स्थानीय शेयर बाजार के मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए. कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख ने भी निवेशकों की धारणा पर असर डाला.

Sensex गिरावट के साथ बंद

बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 102.57 अंक यानी 0.13 प्रतिशत गिरकर 80,502.08 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 504 अंक तक गिरकर 80,100.65 अंक पर आ गया था.

Nifty भी गिरावट के साथ बंद

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 21.65 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,509.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 168.6 अंक गिरकर 24,362.30 अंक पर आ गया था.शेयर बाजारों में गिरावट का यह लगातार दूसरा सत्र रहा.इसके पहले शुक्रवार को भी दोनों सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए थे.

इन कंपनियों के शेयर में रही गिरावट

सेंसेक्स की कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 3 प्रतिशत से अधिक टूट गया. रिलायंस ने जून तिमाही के शुद्ध लाभ में 5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है.इसी तरह निजी क्षेत्र के कोटक महिंद्रा बैंक में भी 3 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई.उसके जून तिमाही के नतीजे निवेशकों को खुश करने में नाकाम रहे.इनके अलावा आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और इंडसइंड बैंक के शेयरों में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही.

इन कंपनियों के शेयर रहे लाभ में

दूसरी तरफ NTPC, अल्ट्राटेक सीमेंट,HDFC बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा लाभ में रहे. जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 33.17 प्रतिशत बढ़ने से एचडीएफसी बैंक का शेयर दो प्रतिशत चढ़ गया.

एशिया के अन्य बाजारों का हाल

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट गिरकर बंद हुआ जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहा.

यूरोप के बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे.सोमवार को संसद में पेश आर्थिक समीक्षा 2023-24 के मुताबिक, पूंजी बाजार भारत की वृद्धि गाथा में अधिक प्रमुख होते जा रहे हैं, जिसमें प्रौद्योगिकी, नवाचार और डिजिटलीकरण के बल पर पूंजी निर्माण और निवेश परिदृश्य में हिस्सेदारी बढ़ रही है.

इसमें यह भी कहा गया है कि भारतीय बाजार वैश्विक भू-राजनीतिक और आर्थिक झटकों के प्रति जुझारू क्षमता दिखा रहे हैं.इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.08 प्रतिशत गिरकर 82.53 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया.शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,506.12 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की.सेंसेक्स शुक्रवार को 738.81 अंक गिरकर 80,604.65 अंक पर और निफ्टी 269.95 अंक टूटकर 24,530.90 अंक पर बंद हुआ था.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular