Stock Market Today: पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का सकारात्मक असर मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों बढ़त के साथ खुले। आईटी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी ने भी बाजार की तेजी को मजबूती दी। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 152.70 अंक की बढ़त के साथ 76,988.48 पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 44.95 अंक चढ़कर 24,040.90 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया.
आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी
सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इन्फोसिस, एचसीएल टेक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इटर्नल के शेयरों में सबसे अधिक तेजी दर्ज की गई. वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी, पावर ग्रिड और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के शेयर नुकसान में रहे.
एशियाई बाजारों में कमजोरी
भारतीय बाजार में तेजी के विपरीत एशियाई बाजारों में कमजोरी का रुख देखने को मिला. दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 9.34 प्रतिशत तक गिर गया, जबकि जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे. उधर, अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए.
कच्चे तेल में गिरावट से राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.44 प्रतिशत गिरकर 87.09 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी को भारत जैसे आयातक देशों के लिए सकारात्मक माना जाता है, क्योंकि इससे आयात बिल और महंगाई पर दबाव कम होने की उम्मीद रहती है.
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) सोमवार को भी शुद्ध बिकवाल रहे और उन्होंने ₹1,688.23 करोड़ मूल्य के शेयर बेचे. हालांकि, इसके बावजूद घरेलू निवेशकों की खरीदारी और वैश्विक संकेतों में सुधार के चलते बाजार में सकारात्मक माहौल बना रहा.
सोमवार को भी बाजार में रही थी तेजी
गौरतलब है कि सोमवार को भी घरेलू शेयर बाजार मजबूत बढ़त के साथ बंद हुए थे. उस दिन सेंसेक्स 1.02 प्रतिशत और निफ्टी 0.96 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करने में सफल रहे थे.
ये भी पढ़ें: जयपुर में होगी BRICS देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने की तैयारियों की समीक्षा



