Friday, May 22, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessShare Market Update : ट्रंप के टैरिफ से शेयर बाजार में मचा...

Share Market Update : ट्रंप के टैरिफ से शेयर बाजार में मचा हाहाकार, सेंसेक्स ने 765 और निफ्टी 233 अंक फिसला

विदेशी निवेशकों की बिकवाली और अमेरिका द्वारा भारतीय आयात पर शुल्क लागू करने की चिंता से शुक्रवार को शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 765 अंक टूटकर 79,857 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 233 अंक गिरकर 24,363 पर आ गया। रिलायंस, एयरटेल और टाटा मोटर्स जैसी कंपनियों में गिरावट रही। सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए, रियल्टी और धातु सेक्टर सबसे ज्यादा प्रभावित रहे।

Share Market Update : विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली जारी रहने और अमेरिकी शुल्क से जुड़ी चिंताओं के बीच शुक्रवार को स्थानीय शेयर बाजार में भारी गिरावट आई और सेंसेक्स 765 अंक लुढ़क गया। निफ्टी में भी 233 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल जैसी प्रमुख कंपनियों में भारी बिकवाली से भी बाजार पर दबाव पड़ा। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 765.47 अंक यानी 0.95 प्रतिशत गिरकर 80,000 के स्तर से नीचे 79,857.79 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 847.42 अंक टूटकर 79,775.84 अंक पर आ गया था।

बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों में से 2,507 शेयर गिरावट में रहे जबकि 1,521 शेयरों में तेजी रही और 145 अन्य अपरिवर्तित रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी 232.85 अंक यानी 0.95 प्रतिशत गिरकर 24,363.30 अंक पर बंद हुआ। यह लगातार छठा कारोबारी सप्ताह है जब बाजार नुकसान में रहा है। बीएसई सेंसेक्स में इस हफ्ते कुल 742.12 अंक यानी 0.92 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि एनएसई निफ्टी 202.05 अंक यानी 0.82 प्रतिशत के नुकसान में रहा।

शुक्रवार को सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से भारती एयरटेल, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, एनटीपीसी, टाइटन, ट्रेंट, आईटीसी और बजाज फिनसर्व के शेयरों में तेजी का रूख रहा। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘भारतीय निर्यात पर अमेरिकी शुल्क के प्रभावों को लेकर चिंताएं बढ़ने से घरेलू बाजार में गिरावट रही और यह तीन माह के निचले स्तर पर बंद हुआ।’ नायर ने कहा, ‘विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बिकवाली जारी रखी है जिससे घरेलू सूचकांकों पर दबाव बढ़ रहा है। नाउम्मीद के माहौल में रियल्टी एवं धातु खंडों को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा।’ शेयर बाजार से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 4,997.19 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की।

हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 10,864.04 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। चौतरफा बिकवाली के बीच सभी क्षेत्रवार सूचकांक नकारात्मक दायरे में बंद हुए। रियल्टी खंड में सर्वाधिक 2.09 प्रतिशत की गिरावट रही जबकि दूरसंचार खंड में 1.83 प्रतिशत और धातु खंड में 1.82 प्रतिशत की सुस्ती रही। मझोली कंपनियों का सूचकांक बीएसई मिडकैप 1.56 प्रतिशत गिर गया जबकि छोटी कंपनियों का स्मालकैप सूचकांक 1.03 प्रतिशत के नुकसान में रहा। लेमन मार्केट्स डेस्क के विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा, ‘घरेलू इक्विटी बाजार एफआईआई की बिकवाली और शुल्क चिंताओं के दबाव में गिर गए। विवाद न सुलझने तक कोई भी व्यापार वार्ता न होने की चेतावनी से बाजार धारणा प्रभावित हुई।’

अमेरिका की तरफ से भारतीय आयात पर घोषित शुरुआती 25 प्रतिशत शुल्क बृहस्पतिवार से लागू हो गए। वहीं रूसी तेल खरीदने पर अलग से लगाए गए 25 प्रतिशत शुल्क 27 अगस्त से लागू होने वाले हैं। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की सूचकांक सकारात्मक दायरे में बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में ज्यादातर बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.59 प्रतिशत बढ़कर 66.82 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 79.27 अंक बढ़कर 80,623.26 अंक और निफ्टी 21.95 अंक चढ़कर 24,596.15 अंक पर रहा था।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular