जयपुर। राजधानी के मानसरोवर इलाके में रविवार दोपहर एक कार और स्कॉर्पियो के बीच टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार छत्तीसगढ़ पुलिस के चार से पांच जवानों को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बीटू बाइपास पुलिया पर हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे मानसरोवर स्थित बीटू बाइपास पुलिया पर हुआ। मानसरोवर की ओर से आ रही कार और सांगानेर की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो के बीच घुमाव पर टक्कर हो गई। कार से बचने की कोशिश में स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी पलट गई।
क्रेन की मदद से सीधी करवाई गाड़ी
हादसे के बाद राहगीरों ने स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद वहां से गुजर रही क्रेन की सहायता से पलटी हुई गाड़ी को सीधा करवाकर सड़क किनारे खड़ा किया गया। सूचना मिलने पर सांगानेर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
युवती की तलाश में जयपुर आए थे पुलिसकर्मी
पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो में छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान सवार थे। बताया गया कि वे एक युवती की तलाश में जयपुर आए हुए थे। हादसे में घायल जवानों को मामूली चोटें आईं।



