Friday, October 23, 2026
HomeIndiaसांवलिया सेठ मंदिर में चांदी के दो भव्य शोरूम भेंट, कारोबारी ने...

सांवलिया सेठ मंदिर में चांदी के दो भव्य शोरूम भेंट, कारोबारी ने भगवान को माना बिजनेस पार्टनर

चित्तौड़गढ़ के सांवलिया सेठ मंदिर में दिल्ली के गिरी जेवर महल समूह ने 3.370 किलो चांदी से बने दो चार मंजिला शोरूम मॉडल भेंट किए। कारोबारी परिवार नए आउटलेट की शुरुआत से पहले भगवान को बिजनेस पार्टनर मानकर यह भेंट अर्पित करता है।

चित्तौड़गढ़। राजस्थान के प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में एक कारोबारी ने अनोखी भेंट अर्पित कर श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा है। दिल्ली के ज्वेलरी कारोबारी समूह ‘गिरी जेवर महल’ की ओर से भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में चांदी से बने दो बहुमंजिला शोरूम के मॉडल भेंट किए गए हैं। खास बात यह है कि कारोबारी परिवार अपने नए शोरूम शुरू करने से पहले उनकी प्रतिकृति भगवान के चरणों में अर्पित करता है।

व्यापार और आस्था के इस अनूठे जुड़ाव की मंदिर परिसर में चर्चा हो रही है। कारोबारी परिवार सांवलिया सेठ को अपने व्यवसाय का भागीदार मानता है और हर नए आउटलेट की शुरुआत से पहले मंदिर में चांदी का मॉडल चढ़ाने की परंपरा निभाता है।

यह खबर भी पढ़ें:-छबड़ा में खाद संकट पर नरेश मीणा का धरना, किरोड़ी लाल मीणा पर टिप्पणी से सियासी विवाद तेज

3.370 किलो चांदी से तैयार किए गए शोरूम के मॉडल

गिरी जेवर महल समूह की ओर से भेंट किए गए दोनों मॉडल चार मंजिला शोरूम की प्रतिकृति हैं। इनका कुल वजन 3.370 किलोग्राम बताया गया है। राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया के अनुसार, इस्तेमाल की गई चांदी का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 7.07 लाख रुपये है।

इन मॉडलों को बारीक नक्काशी और आकर्षक कारीगरी के साथ तैयार किया गया है। एक मॉडल पर ‘गिरी जेवर महल काशी’ और दूसरे पर ‘गिरी जेवर अरिहंत’ नाम अंकित है। दोनों प्रतिकृतियां कारोबारी परिवार के आगामी व्यावसायिक विस्तार से जुड़ी हैं।

वाराणसी और रायपुर में खुलेंगे नए शोरूम

कारोबारी समूह के दो नए आउटलेट जल्द शुरू होने वाले हैं। इनमें पहला शोरूम उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित महमूरगंज क्षेत्र में तैयार किया गया है, जिसका उद्घाटन 26 अक्टूबर को प्रस्तावित है। दूसरा आउटलेट छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में खोला जाना है, जिसके उद्घाटन की तारीख 1 नवंबर निर्धारित बताई गई है।

इन दोनों शोरूम के व्यावसायिक रूप से शुरू होने से पहले ही उनकी चांदी की प्रतिकृतियां सांवलिया सेठ मंदिर में अर्पित कर दी गईं। परिवार की मान्यता है कि नए कारोबार की शुरुआत भगवान के आशीर्वाद से होनी चाहिए।

यह खबर भी पढ़ें:-Rajasthan Politics: जब मुख्यमंत्री के बेडरूम में बच्चों ने दिया धरना, भैरों सिंह शेखावत के दोहिते ने सुनाया फ्रूटी वाला किस्सा

सांवलिया सेठ को कारोबार का भागीदार मानते हैं व्यापारी

मंदिर के प्रशासनिक अधिकारी राहुल धाकड़ के मुताबिक, दिल्ली का यह कारोबारी परिवार लंबे समय से सांवलिया सेठ का भक्त है। मंदिर के प्रति व्यापारियों की गहरी आस्था है और कई कारोबारी अपने व्यवसाय में भगवान को भागीदार मानकर उनसे जुड़े धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करते हैं।

मेवाड़ के प्रसिद्ध सांवलियाजी मंदिर में राजस्थान के अलावा देश के दूसरे हिस्सों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। व्यापार जगत से जुड़े कई भक्त नए प्रतिष्ठान की शुरुआत, कारोबार के विस्तार और अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर यहां भेंट चढ़ाते हैं।

गिरी जेवर महल समूह की ओर से चांदी के शोरूम मॉडल अर्पित करना भी इसी आस्था से जुड़ा है। बारीक कारीगरी से तैयार इन प्रतिकृतियों ने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image