Blackbuck Case : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) ने अपने बहुचर्चित ब्लैकबक (काला हिरण) मामले पर आधारित बताई जा रही आगामी फिल्म ‘काला हिरण’ के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। अभिनेता ने फिल्म के निर्माण, रिलीज और उससे जुड़े प्रचार-प्रसार पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए अदालत में याचिका दायर की है। उनका आरोप है कि फिल्म निर्माता उनकी छवि, व्यक्तित्व और पब्लिसिटी राइट्स का उल्लंघन कर रहे हैं।
सलमान खान ने फिल्म पर रोक लगाने की मांग की
सलमान खान ने सिविल प्रक्रिया संहिता (सीपीसी) के ऑर्डर 39 नियम 1 और 2 के तहत अंतरिम राहत की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि फिल्म 1998 के चर्चित ब्लैकबक मामले से प्रेरित है, लेकिन इसके लिए उनकी कोई अनुमति नहीं ली गई। इस मामले में अमित जानी, जानी फायरफॉक्स फिल्म्स, अक्षय पांडे और अन्य लोगों को पक्षकार बनाया गया है।
अभिनेता की ओर से दायर याचिका में दावा किया गया है कि फिल्म के पोस्टर और टीजर में दिखाए गए किरदार को आसानी से सलमान खान के रूप में पहचाना जा सकता है। इतना ही नहीं, पोस्टर में दिखाई देने वाला व्यक्ति सलमान खान के मशहूर ब्रेसलेट जैसा आभूषण पहने नजर आता है, जिससे दर्शकों के बीच उनकी पहचान और स्पष्ट हो जाती है।
फिल्म निर्माताओं को अप्रैल 2026 में कानूनी नोटिस भेजा
सलमान खान के वकीलों ने अदालत को बताया कि फिल्म निर्माताओं को अप्रैल 2026 में कानूनी नोटिस भेजा गया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने फिल्म से जुड़ी गतिविधियां जारी रखीं। आरोप है कि सोशल मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों में सलमान खान के नाम का इस्तेमाल कर फिल्म को लोकप्रिय बनाने की कोशिश की जा रही है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि ब्लैकबक मामला अभी न्यायिक प्रक्रिया में है और ऐसे समय में इस विषय पर फिल्म का प्रदर्शन अदालत की कार्यवाही और निष्पक्ष सुनवाई को प्रभावित कर सकता है। अभिनेता ने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म के जरिए उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने और विवाद के माध्यम से मुफ्त प्रचार हासिल करने की कोशिश की जा रही है।
सलमान खान ने अदालत से अनुरोध किया है कि फिल्म के पोस्टर, टीजर और उससे जुड़े किसी भी प्रचार सामग्री के प्रसार पर तत्काल रोक लगाई जाए। अब इस मामले में दिल्ली हाई कोर्ट सुनवाई करेगा और तय करेगा कि फिल्म ‘काला हिरण’ की रिलीज और प्रचार पर रोक लगाई जाए या नहीं।



