Tuesday, July 28, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान में 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों की भर्ती, 15 अगस्त से शुरू...

राजस्थान में 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों की भर्ती, 15 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन

Rajasthan Safai Karamchari Bharti 2026: राजस्थान सरकार ने 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों की भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। ऑनलाइन आवेदन 15 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक किए जा सकेंगे। जानें पात्रता, आयु सीमा, अनुभव, चयन प्रक्रिया और आवेदन की पूरी जानकारी।

Rajasthan Safai Karamchari Bharti 2026: राजस्थान सरकार ने प्रदेश के नगरीय निकायों में 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों की भर्ती की घोषणा की है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व और स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में होने वाली यह भर्ती शहरी क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने और स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को गति देने के लिए की जा रही है।

स्वायत्त शासन विभाग के अनुसार, इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 अगस्त से 28 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, निकायवार रिक्त पदों का विवरण, आवेदन प्रक्रिया और दिशा-निर्देश विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

कौन कर सकेगा आवेदन?

भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 एवं संशोधित प्रावधानों के तहत की जाएगी. आवेदन के लिए प्रमुख पात्रता शर्तें इस प्रकार हैं. अभ्यर्थी राजस्थान का मूल निवासी होना चाहिए. सफाई कर्मचारी पद के लिए कोई शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है. 1 जनवरी 2027 को अभ्यर्थी की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी.

एक वर्ष का अनुभव अनिवार्य

आवेदन करने वाले अभ्यर्थी के पास राज्य की किसी भी नगरीय निकाय में सफाई कार्य का कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है। यह अनुभव लगातार या अलग-अलग अवधियों को मिलाकर भी मान्य होगा।

अनुभव प्रमाण-पत्र निर्धारित प्रारूप में संबंधित नगरीय निकाय या अधिकृत संस्था द्वारा जारी होना चाहिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह प्रमाण-पत्र 1 अगस्त 2026 के बाद और आवेदन की अंतिम तिथि से पहले जारी किया गया होना चाहिए। इससे पहले जारी प्रमाण-पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

केवल एक निकाय में ही आवेदन

भर्ती प्रक्रिया में प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक नगरीय निकाय में आवेदन कर सकेगा। यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक निकायों में आवेदन करता है तो उसके सभी आवेदन स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे. विभाग ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले अपना जनाधार कार्ड अपडेट कराने की भी सलाह दी है.

लॉटरी से होगा चयन

संविदा सफाई कर्मचारियों का चयन राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से लॉटरी प्रक्रिया से किया जाएगा. चयन में प्राथमिकता उसी नगरीय निकाय में कम से कम एक वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगी। यदि पद रिक्त रहते हैं तो संबंधित जिले की अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों और उसके बाद राज्य की अन्य नगरीय निकायों के पात्र अभ्यर्थियों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, रविंद्र जडेजा की वापसी, सारांश जैन को पहली बार मौका


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image