Friday, July 3, 2026
HomeIndiaराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर RSS का बयान, कहा- 'घटना से...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर RSS का बयान, कहा- ‘घटना से करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं और आस्था को गहरा आघात पहुंचा’

RSS On Ram Mandir Donation Scam: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर पहली बार RSS ने आधिकारिक प्रतिक्रिया देते हुए इसे करोड़ों रामभक्तों की आस्था पर गहरा आघात बताया। सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, निष्पक्ष जांच और मंदिर की वित्तीय व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता की मांग की।

RSS On Ram Mandir Donation Scam: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले में पहली बार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है. संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे करोड़ों रामभक्तों की भावनाओं और आस्था को गहरा आघात पहुंचा है. उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और मंदिर की वित्तीय व्यवस्था में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की.

‘चढ़ावा चोरी की घटना से पूरा समाज और रामभक्त आहत’

दत्तात्रेय होसबाले ने जारी बयान में कहा कि राम मंदिर के दान पात्रों में जमा राशि की कथित चोरी की घटना से पूरा समाज और रामभक्त आहत हैं. उन्होंने बताया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और उसकी अनुशंसाओं के आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसे कानून के अनुसार कठोर दंड मिलना चाहिए. इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा दिलाना आवश्यक है, ताकि मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं का विश्वास कायम रहे.

सरकार्यवाह ने कही ये बात

सरकार्यवाह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित संपूर्ण हिंदू समाज की यह स्वाभाविक अपेक्षा है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट इस घटना को असाधारण मानते हुए गंभीरता से सभी व्यवस्थागत कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए. उन्होंने कहा कि मंदिर की वित्तीय व्यवस्था, संचालन प्रणाली और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी तथा जवाबदेह बनाया जाना चाहिए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

होसबाले ने यह भी कहा कि वर्तमान में बने भ्रम और असमंजस की स्थिति का जल्द समाधान होना चाहिए. उन्होंने विश्वास जताया कि मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल आवश्यक कदम उठाकर श्रद्धालुओं का भरोसा और मजबूत करेंगे.

हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की

अपने बयान के अंत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देशभर के हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे का फायदा उठाकर हिंदू समाज और धर्म को बदनाम करने की किसी भी कोशिश को विफल किया जाना चाहिए. साथ ही लोगों से अपील की गई कि जांच पूरी होने तक अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचें तथा आधिकारिक तथ्यों पर ही विश्वास करें।

ये भी पढ़ें: ‘लोकतंत्र में विरोध की आज़ादी ही उसकी आत्मा, लेकिन भाजपा ने इसे ‘बनाना रिपब्लिक’ बना दिया’: अशोक गहलोत


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image