Saba Karim On Rohit Sharma : नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज और चयनकर्ता सबा करीम (Saba Karim) का मानना है कि आगामी वनडे विश्व कप 2027 को ध्यान में रखते हुए विराट कोहली (Virat Kohli) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की स्थिति अलग-अलग है। जहां विराट कोहली ने अपने लगातार प्रदर्शन, शानदार फिटनेस और रनों की भूख से चयनकर्ताओं का पूरा भरोसा जीत लिया है, वहीं रोहित शर्मा को टीम में अपनी जगह मजबूत बनाए रखने के लिए फिटनेस और फॉर्म दोनों मोर्चों पर खुद को साबित करना होगा।

रोहित को फिटनेस और बल्लेबाजी दोनों पर काम करना होगा : सबा करीम
सबा करीम ने पीटीआई से बातचीत में कहा कि रोहित शर्मा के सामने आने वाले महीनों में बड़ी चुनौती होगी। चयनकर्ता उनके प्रदर्शन और फिटनेस पर करीबी नजर बनाए रखेंगे। उनका मानना है कि रोहित को अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस पर भी विशेष ध्यान देना होगा, क्योंकि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में जगह प्रदर्शन के आधार पर ही तय होगी। करीम ने कहा, मेरा मानना है कि रोहित को काफी मेहनत करनी होगी। उन्हें अपनी फिटनेस और बल्लेबाजी दोनों पर गंभीरता से काम करना होगा।
चयनकर्ता अगले छह महीनों में उनके प्रदर्शन का आकलन करेंगे और उसके बाद ही विश्व कप की योजनाओं में उनकी भूमिका तय होगी। दूसरी ओर, विराट कोहली को लेकर सबा करीम पूरी तरह आश्वस्त नजर आए। उन्होंने कहा कि कोहली ने पिछले कुछ वर्षों में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे चयनकर्ताओं को किसी तरह की चिंता नहीं है। उनकी फिटनेस आज भी बेहतरीन है और रन बनाने की भूख पहले की तरह बरकरार है।
वनडे विश्व कप के बाद संन्यास लेंगे रोहित-कोहली
करीम ने कहा, “विराट कोहली के बारे में मुझे पूरा विश्वास है कि चयनकर्ता उन्हें लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और उनमें अब भी बड़ी पारियां खेलने की क्षमता मौजूद है। उन्हें किसी को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है। गौरतलब है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली अब केवल वनडे क्रिकेट में ही सक्रिय हैं। क्रिकेट जगत में यह माना जा रहा है कि 2027 वनडे विश्व कप के बाद दोनों दिग्गज इस प्रारूप को भी अलविदा कह सकते हैं।
हालांकि, अफगानिस्तान के खिलाफ 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में विराट कोहली मांसपेशियों में खिंचाव के कारण नहीं खेल पाएंगे, जबकि रोहित शर्मा को टीम में जगह बनाने से पहले अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। ऐसे में आगामी महीनों का प्रदर्शन दोनों खिलाड़ियों के भविष्य के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।



