Peddi Worldwide Box Office Day 1: साउथ सुपरस्टार राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है. एक्शन से भरपूर इस फिल्म ने पहले दिन वर्ल्डवाइड 135.36 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर दमदार शुरुआत की है.
सोशल मीडिया पर शेयर किए कमाई के आंकड़े
फिल्म के निर्माताओं ने शुक्रवार को आधिकारिक तौर पर पहले दिन के बॉक्स ऑफिस आंकड़े शेयर किए. फिल्म का निर्माण करने वाली प्रोडक्शन कंपनी ‘वृद्धि सिनेमा’ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘बॉक्स ऑफिस चैंपियन. पेद्दी ने पहले दिन दुनिया भर में 135.36 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है.’
सिनेमाघरों में फिल्म 4 जून को रिलीज हुई थी
निर्देशक बुची बाबू सना की यह फिल्म 4 जून को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. रिलीज के साथ ही फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, जिसका असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी साफ दिखाई दिया. ‘पेद्दी’ की सफलता को राम चरण के लिए बड़ी वापसी माना जा रहा है. उनकी पिछली फिल्म गेम चेंजर बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाई थी. ऐसे में ‘पेद्दी’ ने न केवल दर्शकों का भरोसा जीता है, बल्कि अभिनेता के करियर को भी नई गति दी है.
फिल्म की कहानी 1980 के दशक के ग्रामीण आंध्र प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है. इसमें एक निचली जाति के युवा ग्रामीण की संघर्षपूर्ण यात्रा को दिखाया गया है, जो अपने समुदाय को सम्मान और पहचान दिलाने के लिए कुश्ती को अपना हथियार बनाता है. सामाजिक संदेश और भावनात्मक कहानी के साथ फिल्म में दमदार एक्शन और खेल भावना का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलता है.
आने वाले दिनों में बड़े रिकॉर्ड बना सकती ‘पेद्दी’
फिल्म में राम चरण मुख्य भूमिका में हैं, जबकि शिव राजकुमार उनके गुरु गौरनायडू के किरदार में नजर आए हैं. जाह्नवी कपूर फिल्म की मुख्य अभिनेत्री हैं. इसके अलावा जगपति बाबू, दिव्येंदु और बोमन ईरानी भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि सिनेमेटोग्राफी आर. रतनावेल्लू ने की है. ‘उप्पेना’ जैसी सफल फिल्म देने वाले बुची बाबू सना की यह दूसरी फीचर फिल्म है और पहले ही दिन की कमाई ने संकेत दे दिया है कि ‘पेद्दी’ आने वाले दिनों में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है.
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कैसी रही कमाई ?
भारतीय बॉक्स ऑफिस पर कमाई की बात की जाए,तो फिल्म ने पहले दिन करीब 69.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन 82.49 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. भाषाई आधार पर देखें तो फिल्म को सबसे ज्यादा सफलता तेलुगु संस्करण से मिली, जहां इसने लगभग 65.70 करोड़ रुपये की कमाई की. वहीं हिंदी संस्करण से फिल्म ने करीब 3 करोड़ रुपये का कारोबार किया. हालांकि, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में फिल्म को खास प्रतिक्रिया नहीं मिली.
ये भी पढ़ें: जल्द खत्म हो जाएगा रूस-यूक्रेन युद्ध ! जेलेंस्की का पुतिन को खुला पत्र, इन देशों में बातचीत का रखा प्रस्ताव



