कर्नाटक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक की धरती को सदियों पुरानी योग परंपरा का केंद्र बताया है। बेंगलुरु स्थित एस-व्यासा (S-VYASA) विश्वविद्यालय में प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह और एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने योग, आयुर्वेद और आयुष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का जिक्र किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कर्नाटक की धरती सदियों से योग का केंद्र रही है। यहां अनेक योगाचार्यों और विद्वानों ने जन्म लिया और योग की परंपरा को समृद्ध किया है। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु में उन्हें योग की अद्भुत ऊर्जा को अनुभव करने का अवसर मिला है।
योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मिली पहचान
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में भी मान्यता दी गई है। खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स जैसे बड़े खेल आयोजनों में योगासन के लिए जगह बनाई गई है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव देश के लिए महत्वपूर्ण है। इससे योग से जुड़े लोगों और खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के नए अवसर मिल रहे हैं। प्रधानमंत्री के अनुसार, योग को खेलों से जोड़ने की पहल से इसकी लोकप्रियता बढ़ेगी और युवाओं को भी योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
आयुर्वेद और आयुष को बढ़ावा दे रही केंद्र सरकार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुर्वेद के विकास और प्रचार-प्रसार को लेकर भी सरकार के प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश में अलग आयुष मंत्रालय बनाया गया है। पीएम मोदी ने बताया कि सरकार आयुर्वेद से जुड़ी रिसर्च और आयुर्वेद आधारित पेटेंट को प्रोत्साहित कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। भारत से आयुष और हर्बल उत्पादों का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि योग की तरह आयुर्वेद भी भारत की महत्वपूर्ण परंपरा है और इसे वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
केरल में गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक की रखी आधारशिला
इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के तिरुवनंतपुरम में गोल्डन जुबली एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक की आधारशिला भी रखी। इसके साथ ही उन्होंने एस-व्यासा विश्वविद्यालय के ऑफ-कैंपस का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन किया। पीएम मोदी के इस कार्यक्रम में योग, आयुर्वेद, शिक्षा और पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर देखने को मिला।



