Khan Sir Facing Arrest After FIR: चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ ‘खान सर’की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उनके खिलाफ कदमकुआं थाना में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान खान सर के निजी सुरक्षाकर्मियों के बयान सामने आए हैं. गार्ड्स ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि उन्हें फायरिंग करने के लिए कहा गया था. इसी आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. इस धारा के तहत दोषी पाए जाने पर 10 वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है.
गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने खान सर की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है. वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए आईजी कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई.
खान सर ने कही जांच में सहयोग की बात
हालांकि, खान सर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें FIR दर्ज होने की आधिकारिक जानकारी नहीं है. उन्होंने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे. साथ ही उन्होंने दावा किया कि उनके सुरक्षाकर्मियों ने आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में फायरिंग की थी और इस पूरे मामले की जांच सुरक्षा एजेंसी द्वारा की जाएगी.
क्या है पूरा मामला?
2 जून की रात पटना के कदमकुआं इलाके में स्थित खान ग्लोबल स्टडी ग्रुप (KGS) के कोचिंग संस्थान पर कथित तौर पर हमला और तोड़फोड़ की घटना हुई थी. इस दौरान हवाई फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया था. घटना के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े लोगों ने उनके संस्थान पर हमला किया और फायरिंग की. हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि वास्तविक स्थिति का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा.
पुलिस मामले में 3 को कर चुकी गिरफ्तार
पुलिस जांच में अब तक एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान के निदेशक सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इस बीच प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भड़काऊ जानकारी पर विश्वास न करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.
ये भी पढ़ें: राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ का दुनियाभर में बजा डंका, पहले दिन वर्ल्डवाइड कमाई का आंकड़ा 135 करोड़ के पार



