Harialo Rajasthan : जयपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajan Lal Sharma) ने शुक्रवार को जयपुर के झालाना स्थित विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान में बरगद का पौधा रोपकर ‘हरियालो राजस्थान’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने आमजन से वर्षा ऋतु के दौरान अधिकाधिक पौधे लगाकर ‘मिशन हरियालो राजस्थान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
भजनलाल ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन और हरित विकास के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। ‘वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को पर्यावरणीय दृष्टि से देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन और पर्यावरण संतुलन को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आग्रह करते हुए कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और हरित विकास आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। हमें मिलकर ऐसा राजस्थान बनाना है, जो हरियाली, स्वच्छता और पर्यावरणीय संतुलन के लिए पूरे देश में मिसाल बने। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में राजस्थान को हरित प्रदेश के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से 10 करोड़ पौधे लगाने और उनके संरक्षण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा, सांसद मंजू शर्मा, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।



