Ranbir Kapoor- Ajay Devgn : मुंबई। बॉलीवुड इंडस्ट्री में इस वक्त कई बड़ी फिल्मों पर काम चल रहा है, इन बड़े बजट की फिल्मों में रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) की ‘रामायण’ (Ramayan) और ‘लव एंड वॉर’ (Love & War) शामिल है। बॉलीवुड खबरों की रिपोर्ट की माने तो ‘रामायण’ इस साल दिवाली और ‘लव एंड वॉर’ साल 2027 के पहले महीने में बड़े पर्दे पर रिलीज होगी। वहीं ‘गोलमाल 5’ जैसी बड़ी फिल्म पर अजय देवगन काम कर रहे हैं। मगर अब पता लगा है कि 15 साल बाद अजय देवगन और रणबीर कपूर साथ में काम करने जा रहे हैं। बता दें कि इससे पहले दोनों स्टार प्रकाश झा की ‘राजनीति’ में काम किया था। हालांकि, उसके बाद कभी एक साथ काम नहीं किया। जानकारी के मुताबिक, अब एक जबरदस्त एक्शन ड्रामा थ्रिलर बन रही है, जिसे प्यार का पंचनामा वाले ‘लव रंजन’ बनाने वाले हैं।

एनिमल पार्क पर काम शुरू करेंगे रणबीर कपूर
रणबीर कपूर इस वक्त नीतेश तिवारी की ‘रामायण 2’ पर काम कर रहे है। जिसके बाद संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ खत्म होने का इंतजार करेंगे। क्योंकि फिर उनके साथ एनिमल पार्क पर भी काम करना है। ‘ऑलवेज बॉलीवुड’ नाम के एक X हैंडल के मुताबिक, दोनों स्टार्स अपने मौजूदा प्रोजेक्ट्स खत्म करने के बाद इस फिल्म पर साथ काम शुरू कर सकते हैं। हालांकि अभी तक मेकर्स की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर इस प्रोजेक्ट को लेकर जबरदस्त चर्चा शुरू हो चुकी है।

रणबीर कपूर और अजय देवगन की जोड़ी मचाएगी धमाल
रणबीर कपूर और अजय देवगन को एक साथ बड़े पर्दे पर देखने का सपना फैंस काफी समय से देख रहे हैं। अब एक बार फिर इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि कई लोगों को लग रहा है कि यह बिल्कुल नई फिल्म है, लेकिन सच यह है कि इस प्रोजेक्ट की चर्चा साल 2018-19 से ही शुरू हो गई थी। उस दौरान लव रजंन ने आईएएनएस से बातचीत में इस फिल्म को लेकर काफी कुछ कंफर्म भी किया था। खबरों के मुताबिक, यह एक बड़े स्केल की एक्शन ड्रामा फिल्म होने वाली थी, जिसमें रणबीर कपूर और अजय देवगन साथ नजर आने वाले थे। इस अनोखी जोड़ी को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिली थी।
लेकिन बाद में ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि फिल्म फिलहाल डिब्बाबंद हो गई है। इसके बाद लंबे समय तक इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई अपडेट सामने नहीं आया और माना जाने लगा कि फिल्म शायद अब कभी नहीं बनेगी। हालांकि साल 2025 में अचानक खबर आई कि इस प्रोजेक्ट को फिर से रिवाइव कर दिया गया है। उस वक्त भी फैंस को उम्मीद जगी थी, लेकिन इसके बाद फिल्म पर काम शुरू होने को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई। अब एक बार फिर इंडस्ट्री में इस फिल्म को लेकर हलचल तेज हो गई है। रिपोर्ट्स की मानें तो रणबीर कपूर और अजय देवगन अपने मौजूदा प्रोजेक्ट्स पूरे करने के बाद इस फिल्म पर साथ काम शुरू कर सकते हैं।

रणबीर कपूर-अजय देवगन की फिल्म का प्लॉट लीक!
रणबीर कपूर और अजय देवगन की चर्चित फिल्म को लेकर अब बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की कहानी दो चचेरे भाइयों के इर्द-गिर्द घूमेगी, जिनके रिश्ते गलतफहमियों के चलते धीरे-धीरे दुश्मनी में बदल जाते हैं। बताया जा रहा है कि शुरुआत में दोनों भाइयों के बीच गहरा लगाव होता है, लेकिन कुछ घटनाओं और पारिवारिक तनाव की वजह से रिश्तों में कड़वाहट आ जाती है। हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि दोनों एक-दूसरे के खिलाफ खड़े नजर आते हैं। इसी प्लॉट की वजह से सोशल मीडिया पर लोग इस फिल्म की तुलना एनिमल से कर रहे हैं।
दरअसल, संदीप रेड्डी वांगा की ‘एनिमल’ में भी पारिवारिक रिश्तों, गलतफहमियों और बदले की कहानी को बेहद डार्क और इंटेंस अंदाज में दिखाया गया था। फिल्म में अनिल कपूर के किरदार बलबीर सिंह और उनके परिवार के बीच तनाव ने पूरी कहानी को हिंसक मोड़ दे दिया था। अब रणबीर और अजय की नई फिल्म में भी कुछ वैसा ही इमोशनल और कॉन्फ्लिक्ट-ड्रिवन सेटअप देखने को मिल सकता है। हालांकि अभी तक मेकर्स की तरफ से फिल्म को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में यह भी संभव है कि कहानी में आगे चलकर बदलाव किए जाएं। फिलहाल फैंस को ऑफिशियल कन्फर्मेशन का इंतजार करना होगा। दिलचस्प बात यह है कि अजय देवगन इस तरह के डार्क और इंटेंस फैमिली एक्शन-ड्रामा जॉनर में कम ही नजर आए हैं। ऐसे में अगर वह रणबीर कपूर के साथ इस फिल्म में दिखाई देते हैं, तो यह फैंस के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं होगा। दोनों सितारे फिलहाल अपने-अपने बड़े प्रोजेक्ट्स में बिजी हैं, इसलिए अब सबकी नजर इस बात पर है कि यह मेगा प्रोजेक्ट आखिर कब फ्लोर पर जाता है।



