जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित शहरी सेवा शिविरों में आमजन को त्वरित एवं प्रभावी राहत प्रदान की जा रही है. शुक्रवार को आयोजित शिविरों में विभिन्न नगरीय निकायों एवं विकास प्राधिकरणों द्वारा नागरिकों से प्राप्त बड़ी संख्या में प्रकरणों एवं शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर सुशासन एवं जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई. शिविरों के दौरान पट्टा, नामांतरण, भवन निर्माण, भू-उपयोग परिवर्तन, जनसूचना, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता एवं अन्य नागरिक सेवाओं से संबंधित कुल 9,932 प्रकरणों एवं शिकायतों का निस्तारण किया गया।
पट्टा एवं भूमि संबंधी मामलों में 1,468 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1,173 प्रकरणों का निस्तारण किया. इनमें कृषि भूमि पर बसी स्वीकृत योजनाओं के अंतर्गत पट्टों के 671 प्रकरणों का निस्तारण तथा 34 स्वीकृतियां जारी की गईं. इसके अलावा कच्ची बस्ती नियमन, अपंजीकृत पट्टों के पंजीयन, पुनः पट्टा जारी करने, लीज मुक्त प्रमाण-पत्र एवं भूखण्ड विभाजन जैसे मामलों का भी त्वरित समाधान किया गया.
इसी प्रकार नामांतरण, निर्माण अवधि विस्तार, भू-उपयोग परिवर्तन एवं अन्य नियोजन संबंधी मामलों में 1,665 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1,491 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर 47 स्वीकृतियां जारी की गईं. नामांतरण के 404, भू-उपयोग परिवर्तन के 109 तथा निर्माण अवधि विस्तार के 45 प्रकरणों का समाधान किया गया.
जनसेवाओं एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज करते हुए 6,799 आवेदन एवं शिकायतों में से 6,438 का निस्तारण किया गया. इनमें जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित 3,509 प्रकरण, स्ट्रीट लाइट मरम्मत से संबंधित 1,790 शिकायतें, स्ट्रीट लाइट स्थापना के लगभग 600 आवेदन, निराश्रित पशुओं से संबंधित 285 , फायर एनओसी तथा ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र से जुड़े मामलों का समाधान किया गया. स्वच्छता सेवाओं के अंतर्गत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से संबंधित 412 शिकायतों का भी सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया.
स्वायत्त शासन विभाग के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप शहरी क्षेत्रों में नागरिक सेवाओं को सरल, सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जा रहा है. सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न विभागीय सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है.
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को त्वरित राहत, सुशासन और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में शहरी सेवा शिविरों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो रहा है.
ये भी पढ़ें: जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक और 2 युवतियों की मौत



