Thursday, July 30, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान भर्ती 2026 : मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भर्ती प्रक्रिया तेज...

राजस्थान भर्ती 2026 : मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने भर्ती प्रक्रिया तेज करने के दिए निर्देश, रोजगार उत्सव में मिलेंगे नियुक्ति पत्र

Rajasthan Recruitment 2026 : जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि युवाओं को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी लाकर पात्र अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। मुख्य सचिव ने गुरुवार को शासन सचिवालय में वर्ष 2026 के भर्ती परीक्षा कैलेंडर तथा आगामी रोजगार उत्सव में संभावित नियुक्तियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

मुख्य सचिव ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करते हुए दस्तावेज सत्यापन, परिणाम घोषणा तथा नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों की नियुक्ति में अनावश्यक विलंब नहीं हो। उन्होंने राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) तथा संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया, जिससे भर्ती प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो सकें और पात्र अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति मिल सके। उन्होंने सभी विभागों को आगामी रोजगार उत्सव में अधिकतम पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने की दिशा में कार्य करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में राज्य द्वारा बड़े पैमाने पर संचालित भर्ती प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान 24,752 सफाई कर्मचारी, 10,644 कनिष्ठ सहायक एवं क्लर्क ग्रेड-II, 6,000 पुलिस कांस्टेबल, 3,500 शिक्षण सहयोगी, 3,430 ग्राम विकास अधिकारी, 1,100 कृषि पर्यवेक्षक, 3,000 जूनियर टेक्निकल सुपरवाइजर (जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग), 2,000 नर्सिंग एवं पैरामेडिकल, 1,548 आयुष विभाग, 1,100 पशु चिकित्सा अधिकारी, 1,059 सहायक अभियंता तथा 774 जूनियर अभियंता सहित विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति, परीक्षा कार्यक्रम, परिणाम, दस्तावेज सत्यापन एवं आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने विशेष रूप से आगामी रोजगार उत्सव में संभावित नियुक्तियों की तैयारियों के बारे में चर्चा की। इस दौरान चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी भर्ती, शिक्षक ग्रेड-III, संस्कृत शिक्षा विभाग की शिक्षक भर्ती, पुस्तकालयाध्यक्ष, जेल प्रहरी, एनएचएम तथा बस परिचालक सहित अन्य अंतिम चरण की भर्ती प्रक्रियाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि अंतिम चरण में पहुंच चुकी किसी भी भर्ती में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा दस्तावेज सत्यापन, परिणाम घोषणा एवं नियुक्ति आदेश जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाकर आगामी रोजगार उत्सव में अधिकतम पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएं।

बैठक में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं समन्वय, गृह, स्कूल शिक्षा (प्रारंभिक एवं माध्यमिक), संस्कृत शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन, स्वायत्त शासन, पंचायतीराज, कृषि, पशुपालन, आयुष तथा उच्च शिक्षा विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) एवं राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image