Rajasthan Rajya Sabha Election: राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चल रही चुनाव प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है. बीजेपी (भाजपा) के सतीश पूनिया और अलका गुर्जर और कांग्रेस के नीरज डांगी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। नामांकन वापसी की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में नहीं बचा, जिसके चलते तीनों उम्मीदवारों का निर्वाचन बिना मतदान के ही तय हो गया.
2 बीजेपी और एक कांग्रेस उम्मीदवार का निर्विरोध निर्वाचन
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, नामांकन पत्रों की जांच के दौरान तीनों उम्मीदवारों द्वारा दाखिल सभी 9 नामांकन पत्र वैध पाए गए थे. इसके बाद नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने तक किसी अन्य प्रत्याशी ने चुनावी मैदान में बने रहने का निर्णय नहीं लिया. परिणामस्वरूप निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा के सतीश पूनिया और अलका गुर्जर तथा कांग्रेस के नीरज डांगी को राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया.

पहले से ही तय माने जा रहे थे परिणाम
भाजपा ने इस चुनाव में 2 सीटों पर जीत दर्ज की है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और भाजपा नेता अलका गुर्जर के राज्यसभा पहुंचने से पार्टी को उच्च सदन में मजबूती मिलेगी. वहीं कांग्रेस ने नीरज डांगी को दोबारा राज्यसभा भेजकर अपनी एक सीट बरकरार रखी है. राजस्थान विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण इन चुनावों के परिणाम पहले से लगभग तय माने जा रहे थे. यही वजह रही कि चुनावी मुकाबले की स्थिति नहीं बनी और तीनों उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए.
राज्यसभा में कांग्रेस-बीजेपी दोनों के पास 5-5 सीटें
राजस्थान से राज्यसभा की कुल 10 सीटें हैं. ताजा चुनाव परिणामों के बाद भी राज्य के उच्च सदन प्रतिनिधित्व में भाजपा और कांग्रेस के बीच बराबरी बनी हुई है. दोनों दलों के पास राज्यसभा में राजस्थान से पांच-पांच सदस्य हैं। यह संतुलन आगामी राजनीतिक समीकरणों और संसदीय रणनीतियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

गौरतलब है कि राजस्थान से राज्यसभा की 3 सीटों के लिए यह चुनाव इसलिए कराया जा रहा था क्योंकि कांग्रेस सांसद नीरज डांगी और भाजपा सांसद राजेंद्र गहलोत तथा रवनीत सिंह का कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है. इन सीटों पर नए प्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया के तहत नामांकन दाखिल किए गए थे.
ये भी पढ़ें: रिफाइनरी से इसी माह होगा डीजल का उत्पादन, राजस्थान में निवेश-रोजगार के खुलेंगे नए द्वार : मुख्य सचिव वी श्रीनिवास



