जयपुर। राजस्थान पुलिस में पदोन्नति का इंतजार कर रहे पुलिस निरीक्षकों के लिए बड़ी खबर है। पुलिस मुख्यालय ने 52 पुलिस निरीक्षकों को राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) की कनिष्ठ वेतन श्रृंखला में पदोन्नति देने का आदेश जारी किया है। दुर्गाष्टमी के अवसर पर आए इस फैसले से पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में खुशी की लहर है। यह पदोन्नति वर्ष 2026-27 की रिक्तियों के विरुद्ध वरिष्ठता-सह-योग्यता के आधार पर दी गई है। विभागीय पदोन्नति समिति की 18 सितंबर 2026 को हुई बैठक की अनुशंसा के बाद यह निर्णय लिया गया।
DGP राजीव कुमार शर्मा ने दी बधाई
राजस्थान पुलिस के डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पदोन्नत होने वाले सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। डीजीपी ने विश्वास जताया कि पदोन्नत अधिकारी राजस्थान पुलिस की छवि को और मजबूत करने के साथ आमजन की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।
इन पुलिस निरीक्षकों को मिली पदोन्नति
पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में चम्पाराम बारड़, रामनिवास मीणा, बृजेश कुमार मीणा, रामखिलाड़ी मीणा, धर्मवीर सिंह मीणा, बृजेश कुमार निगम, भंवर लाल वैष्णव, शब्बीर खान, श्याम सिंह चारण, मनोज कुमार सोनी, रमेश खिड़िया, संजय चौहान, राकेश कुमार खटीक, राज कुमार सामरिया, कर्ण सिंह राठौड़, देवेश भारद्वाज, रणजीत सिंह, अनिल कुमार मूण्ड, लाखन सिंह खटाना, चैनाराम वेड़ा, राधारमन गुप्ता, गंगाराम, चक्रवर्ती सिंह और दर्शन सिंह राठौड़ शामिल हैं। इसके अलावा सुरेन्द्र सिंह, अनिल कुमार विश्नोई, महेश श्रीमाली, रविन्द्र चारण, सुधीर कुमार उपाध्याय, संजय गोदारा, जोगेन्द्र सिंह चौधरी, भंवर सिंह, धीरज वर्मा और अनिल कुमार जैमनी के नाम भी सूची में शामिल हैं।
पुलिस महकमे में खुशी का माहौल
राजस्थान पुलिस के 52 निरीक्षकों को RPS संवर्ग में पदोन्नति मिलने से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। इस फैसले को अधिकारियों की सेवा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। पदोन्नति के साथ अब इन अधिकारियों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों को और प्रभावी ढंग से निभाने की अपेक्षा होगी।



