Monday, October 19, 2026
HomeLatest Newsपंचायत चुनावों की तैयारी में जुटी भाजपा, अजेय कुमार बोले- निकाय चुनाव...

पंचायत चुनावों की तैयारी में जुटी भाजपा, अजेय कुमार बोले- निकाय चुनाव की तरह मिलेगा जनता का आशीर्वाद

राजस्थान में पंचायत चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजपा की पंचायत चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पार्टी संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने और सरकार के कामकाज को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत चुनावों में भी निकाय चुनावों की तरह जनता का समर्थन मिलेगा।

विपक्ष के आरोपों का तथ्यों के साथ जवाब देने की अपील
बैठक को संबोधित करते हुए अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने वाला राजनीतिक दल है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा के प्रति स्पष्टता रखने और विपक्ष की ओर से फैलाए जा रहे कथित प्रोपेगेंडा का समुचित जवाब देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा की कार्यशैली पूर्व नियोजन और व्यवस्थित प्रबंधन पर आधारित है। पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देने और हर काम के लिए कार्यकर्ता की भागीदारी सुनिश्चित करने की परंपरा है। इसी व्यवस्था के तहत पंचायत चुनावों की तैयारियों को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। अजेय कुमार ने कहा कि चुनाव में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी निष्ठा से काम करना होगा, ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीण मतदाताओं तक पहुंच सके।

गांवों तक विकास पहुंचाने पर भाजपा का जोर
अजेय कुमार ने कहा कि भाजपा की सरकारों के काम और विपक्ष की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने पंचायत चुनावों को ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति तेज करने का अवसर बताते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि गांवों में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं को लेकर लोगों के बीच संवाद स्थापित करना जरूरी है।

पंचायत से पार्लियामेंट तक विकास का नेतृत्व खड़ा करने का लक्ष्य
भाजपा महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा कि पंचायती राज चुनाव ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के ग्राम स्वराज और ग्रामोत्थान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी को पंचायत से लेकर संसद तक विकास के संकल्प के साथ काम करने वाला नेतृत्व तैयार करने की दिशा में प्रयास करने चाहिए। बगड़ी ने कांग्रेस के पूर्व शासन पर ग्रामीण विकास की अनदेखी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार के कामकाज और ग्राम विकास संकल्प पत्र में किए गए वादों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक में पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और पंचायत चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य मौजूद रहे। बैठक के दौरान पंचायत चुनावों की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। भाजपा नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से संगठित होकर चुनावी मैदान में उतरने और ग्रामीण मतदाताओं के बीच सरकार के विकास कार्यों को प्रमुखता से रखने की अपील की।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image