जयपुर। पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इसी बीच प्रदेश के कई इलाकों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में तकनीकी खराबी की खबरें सामने आई हैं। कुछ बूथों पर मतदान रोकना पड़ा, जबकि तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर मशीनों को दुरुस्त किया।
पिंडवाड़ा के चार बूथों पर EVM में खराबी
पिंडवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के कांटल, आपरीखेड़ा, नांदिया और उन्द्रा स्थित चार मतदान केंद्रों पर EVM में तकनीकी खराबी सामने आई। कांटल के बूथ संख्या 48 पर मशीन में समस्या आने के कारण करीब एक घंटे तक मतदान रुका रहा। सूचना मिलने के बाद तकनीकी टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने मशीन की खराबी दूर की, जिसके बाद संबंधित मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान शुरू हो गया।
देसूरी में बूथ संख्या 74 पर आई तकनीकी समस्या
देसूरी पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के दौरान बूथ संख्या 74 पर भी EVM में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर समस्या को ठीक किया, जिसके बाद मतदान फिर से शुरू हो गया। मतदान प्रक्रिया की निगरानी के लिए क्षेत्र में तीन एरिया मजिस्ट्रेट और 10 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। रिटर्निंग अधिकारी विश्वजीत सिंह भी मतदान व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
आसपुर में EVM खराब होने से मतदान रुका
आसपुर पंचायत समिति चुनाव के दौरान सकानी स्थित बूथ संख्या 107 पर EVM खराब होने से मतदान प्रभावित हुआ। इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी को जानकारी दी गई। वहीं, सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में बूथ संख्या 29, 90 और 101 पर बटन संबंधी समस्या आने के बाद EVM बदली गई। इसके अलावा बूथ संख्या 132 पर भी मशीन में खराबी की सूचना सामने आई। यह बूथ बड़ी ढाणी, थोई का बताया जा रहा है।



