जयपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व से ठीक पहले राजस्थान सरकार ने प्रदेश की महिलाओं और जमीनी स्तर पर काम करने वाली महिला कार्यकर्ताओं को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य स्तरीय समारोह के दौरान महिला कल्याण और बाल विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक फैसले लेते हुए कई बड़ी योजनाओं की घोषणाएं कीं और सीधे बैंक खातों में करोड़ों रुपये की राशि ट्रांसफर की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों के लिए बड़े ऐलान
जयपुर स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और साथिनों के योगदान की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों, बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने में इन बहनों की भूमिका बेहद अमूल्य है।
यह खबर भी पढ़ें:-धौलपुर में बड़ा हादसा टला: दमोह झरना देखने गए 100 युवक उफनती नदी में फंसे, 4 घंटे चले रेस्क्यू के बाद सुरक्षित निकले
त्योहार के उपहार के रूप में मुख्यमंत्री ने राज्य की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और साथिन के खातों में 1100-1100 रुपये की सम्मान राशि के रूप में कुल 14.65 करोड़ रुपये सीधे सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किए। इसके साथ ही, महिला कार्यकर्ताओं को उनकी ड्रेस के लिए 13.41 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की गई। इतना ही नहीं, सरकार ने आशा सहयोगिनियों के मानदेय (Honorarium) में 10 फीसदी की बढ़ोतरी करने का बड़ा फैसला भी सुनाया है, जिससे प्रदेश की हजारों आशा सहयोगिनियों के चेहरे खिल उठे हैं।
मातृ वंदना और लाडो प्रोत्साहन योजना की राशि बढ़ाई
महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण का ख्याल रखते हुए सीएम ने घोषणा की कि ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ (PMMVY) की राशि को 5,000 रुपये से बढ़ाकर अब 6,500 रुपये कर दिया गया है। वहीं, दिव्यांग गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर सीधे 10,000 रुपये कर दिया गया है।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न डीबीटी (DBT) योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा:
- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना: 40,538 से अधिक लाभार्थियों को 23.43 करोड़ रुपये।
- मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना: 20,670 लाभार्थियों को 6.36 करोड़ रुपये।
- लाडो प्रोत्साहन योजना: 50,000 लाभार्थियों को 14.75 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।
यह खबर भी पढ़ें:-स्वतंत्रता दिवस पर राजस्थान बॉर्डर पर बढ़ी हलचल: तारबंदी पार कर भारत घुसा 60 साल का पाकिस्तानी नागरिक, BSF ने दबोचा
गर्भवती महिलाओं के लिए फ्री सोनोग्राफी और बेटियों को स्कूटी
दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों की गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘मां वाउचर योजना’ का ज़िक्र किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत अब तक 4.82 लाख से अधिक महिलाओं को मुफ्त सोनोग्राफी की सुविधा मिल चुकी है। वहीं, दूसरे बच्चे के जन्म पर मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना के तहत अब तक 6.48 लाख से ज्यादा महिलाओं को लगभग 215 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
छात्राओं के सशक्तिकरण पर बोलते हुए सीएम ने कहा कि लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत 7 किस्तों में कुल 1.50 लाख रुपये देने की व्यवस्था है। बेटियों की पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए राज्य में अब तक 11 लाख मेधावी छात्राओं को मुफ्त साइकिलें और 46 हजार छात्राओं को स्कूटी बांटी जा चुकी हैं।



