जयपुर। 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच भारत-पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक बड़ा सुरक्षा मामला सामने आया है। जहां एक तरफ पूरा देश आजादी का पर्व मना रहा था और सीमाओं पर हाई अलर्ट जारी था, वहीं राजस्थान के बाड़मेर सीमा पर एक पाकिस्तानी नागरिक भारतीय सीमा में घुस आया। हालांकि, मुस्तैद सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने बिना कोई मौका गंवाए उसे मौके पर ही धर दबोचा।
तारबंदी पार कर भारतीय सीमा में घुसा घुसपैठिया
मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरी घटना बाड़मेर जिले के बिजराड़ थाना क्षेत्र से लगी सीमा की है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर बॉर्डर पर पहले से ही गश्त और चौकसी बढ़ा दी गई थी। शनिवार की सुबह जब BSF की पेट्रोलिंग टीम केकेटी (KKT) पोस्ट के पास गश्त कर रही थी, तभी जवानों की नज़र एक संदिग्ध शख्स पर पड़ी। वह अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लगी कंटीली तारबंदी को पार करके भारतीय क्षेत्र की तरफ कदम बढ़ा रहा था।
यह खबर भी पढ़ें:-राजस्थान में मानसून का ‘डबल रोल’: 17 जिलों में बिजली-हवाओं का अलर्ट, तो कहीं सताएगी उमस! जानिए आपके शहर का हाल
जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत वहीं रुकने की सख्त चेतावनी दी। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए BSF की टीम ने तुरंत उसे चारों तरफ से घेर लिया और सुरक्षा घेरे में लेकर हिरासत में ले लिया।
60 साल के बुजुर्ग के रूप में हुई पहचान
हिरासत में लिए गए व्यक्ति से जब शुरुआती पूछताछ की गई, तो उसकी पहचान 60 वर्षीय बाकू खान पुत्र इस्माइल खान के रूप में हुई। वह पाकिस्तान के सिंध प्रांत के मिठी जिले के ‘जहरिलों’ गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। इतनी उम्र में और इतने कड़े पहरे के बीच उसका सीमा पार कर भारत में दाखिल होना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस के किया हवाले, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
BSF ने शुरुआती कागजी कार्रवाई और जांच के बाद शनिवार शाम करीब 6 बजे पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक को स्थानीय बिजराड़ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बिजराड़ थाना प्रभारी अजीत सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को पुलिस की कस्टडी में ले लिया गया है। इसके तुरंत बाद डीएसपी जेठाराम के नेतृत्व में पुलिस के आला अधिकारियों ने उससे प्राथमिक पूछताछ की।
यह खबर भी पढ़ें:-हरियाली तीज पर हरे रंग में सजे बांके बिहारी, 1000 किलो के स्वर्ण-रजत हिंडोले पर राधारानी संग दिए दर्शन
संयुक्त पूछताछ (JIC) में खुलेगा राज
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हुई इस घुसपैठ को सुरक्षा एजेंसियां बेहद गंभीरता से ले रही हैं। अब राज्य और केंद्रीय जांच एजेंसियां मिलकर जॉइंट इंटरोगेशन सेंटर (JIC) में बाकू खान से कड़ाई से पूछताछ करेंगी। इस संयुक्त पूछताछ का मुख्य मकसद यह पता लगाना है कि उसने किस इरादे से अंतरराष्ट्रीय सीमा लांघी।
क्या वह गलती से भटककर सीमा पार कर आया, या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश, जासूसी या भारत विरोधी इरादा है? उसके पास से क्या सामान बरामद हुआ और सीमा पार कराने में क्या किसी ने उसकी मदद की—इन तमाम पहलुओं की बहुत ही बारीकी से तफ्तीश की जा रही है। फिलहाल, बाड़मेर से सटी पूरी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ ने निगरानी और बढ़ा दी है।



