जयपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 के दूसरे चरण के मतदान के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को सपरिवार मतदान किया। मुख्यमंत्री अपने परिवार के साथ एनडब्ल्यूआर ऑफिस के पास स्थित नवोदय शिक्षक प्रशिक्षण कॉलेज, गेटोर, जगतपुरा पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र की मजबूती का सबसे महत्वपूर्ण आधार है और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए।
यह खबर भी पढ़ें:-3 बजे तक जयपुर में 48.89 फीसदी मतदान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मतदान केवल नागरिक का अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति उसकी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचें और बिना किसी दबाव के अपने विवेक के अनुसार मतदान करें।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की भागीदारी जितनी अधिक होगी, लोकतांत्रिक व्यवस्था उतनी ही मजबूत होगी। मुख्यमंत्री ने खास तौर पर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से भी मतदान प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होने का आह्वान किया।
यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर में रोंगटे खड़े कर देने वाला हत्याकांड: सिर पर ईंट-पत्थर मार पत्नी और 3 बेटियों को सुलाया मौत की नींद, आरोपी पति फरार
नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रदेशभर में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने भी लोगों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करें और लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करें।



