बालोतरा। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के चुनावी प्रचार के दौरान बालोतरा जिले की धोरीमन्ना नगर पालिका से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां वार्ड नंबर-5 में घर-घर जाकर वोट मांगने के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच बहस इस कदर बढ़ी कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। विवाद के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी इमरती देवी की बेटी ने बीजेपी प्रत्याशी माडू देवी के बेटे को कथित तौर पर थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद मौके पर जोरदार हंगामा हुआ।
यह खबर भी पढ़ें:-सीएम भजनलाल शर्मा ने सपरिवार किया मतदान, बोले- लोकतंत्र के पर्व में जरूर निभाएं अपनी जिम्मेदारी
जनसंपर्क के दौरान हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वार्ड नंबर-5 में बीजेपी और कांग्रेस, दोनों ही दलों के प्रत्याशी और उनके परिवार के सदस्य घर-घर जाकर मतदाताओं से अपने-अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे थे। इसी दौरान बीजेपी प्रत्याशी माडू देवी के बेटे व उनके रिश्तेदार और कांग्रेस प्रत्याशी इमरती देवी के परिवार के सदस्यों के बीच वोट मांगने को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। माहौल गर्माते ही कांग्रेस प्रत्याशी की बेटी ने आपा खो दिया और बीजेपी प्रत्याशी के बेटे को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए चुनावी माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
थप्पड़ जड़ने वाली महिला रह चुकी हैं पूर्व प्रधान
इस पूरी घटना के सामने आने के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जा रहा है कि थप्पड़ मारने वाली महिला धोरीमन्ना की पूर्व प्रधान रह चुकी हैं। एक कद्दावर राजनीतिक चेहरे द्वारा चुनावी प्रचार के बीच ऐसा कदम उठाए जाने से वार्ड नंबर-5 का मुकाबला अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।
यह खबर भी पढ़ें:-3 बजे तक जयपुर में 48.89 फीसदी मतदान
नतीजे और विवाद पर टिकीं लोगों की निगाहें
धोरीमन्ना नगर पालिका का वार्ड नंबर 5 पहले से ही कांटे की टक्कर के लिए जाना जा रहा था, लेकिन वोटिंग से ठीक पहले हुई इस हिंसक झड़प के बाद माहौल और ज्यादा गरमा गया है। हालांकि, इस पूरे वाकये को लेकर किसी पक्ष द्वारा पुलिस में आधिकारिक मामला दर्ज कराने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन 14 सितंबर को आने वाले चुनावी नतीजों के साथ-साथ हर किसी की नजर अब इस विवाद के मोड़ पर टिकी हुई है।



