Bundi Stray Dogs Attack: राजस्थान के बूंदी जिले के एक गांव में 9 वर्षीय बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया. जिसमें बच्ची की मौत हो गई. घटना को लेकर ग्रामीणों भारी गुस्सा है और पूरा गांव शोक में डूब गया है. तालेड़ा थाना क्षेत्र के अलकोदिया गांव की रहने वाली रिंकू भील तीसरी कक्षा की छात्रा थी. उसका परिवार दिहाड़ी मजदूरी कर जीवनयापन करता है. घटना सोमवार सुबह करीब 6 बजे हुई, जब बच्ची रोज की तरह अपने कच्चे घर से पास के खेतों में शौच के लिए गई थी तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया और उसके शरीर को कई जगहों से बुरी तरह नोच डाला.
ओम बिरला ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
घटना की जानकारी मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपना निर्धारित कार्यक्रम बीच में ही छोड़ दिया और अलकोदिया गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की व शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया. उन्होंने परिवार को 1 लाख रुपये अनुग्रह राशि सौंपी और सार्वजनिक सहयोग से 1 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने का वादा किया. साथ ही बूंदी के जिलाधिकारी को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को आवारा कुत्तों के हमलों की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए.
आवारा कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह नोंचा
तालेड़ा के पुलिस उपाधीक्षक राजेश टेलर ने बताया, ‘आवारा कुत्तों ने शरीर के कुछ हिस्सों का मांस पूरी तरह नोचकर अलग कर दिया और उन्हें खा लिया.’ लड़की की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो उसे बुरी तरह घायल पाया. बच्ची को तत्काल तालेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत अप्राकृतिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है. मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पहले भी आवारा कुत्ते कर चुके हमला
बता दें कि यह आवारा कुत्तों के हमले का कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले फरवरी में इसी थाना क्षेत्र के सीतापुरा स्थित एक सरकारी स्कूल में आवारा कुत्तों के झुंड ने एक अन्य बच्ची को गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसका इलाज अब भी जारी है.
ये भी पढ़ें: बंगाल से तमिलनाडु तक बदले सत्ता के समीकरण, किस दल को मिली कितनी सीटें, जानें फाइनल नतीजें



