जयपुर। राजस्थान ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से राजस्थान ने 12 योजनाओं में पहला, 10 में दूसरा और 8 में तीसरा स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
इन क्षेत्रों में राजस्थान बना नंबर-1
- फसल बीमा: खरीफ 2025 और रबी 2025-26 में कुल 3.89 करोड़ पॉलिसियों के साथ देश में पहला स्थान।
- सौर ऊर्जा: पीएम-कुसुम योजना के तहत सौर ऊर्जा और सौरकृत फीडरों की स्थापना में अग्रणी।
- योग दिवस: 62,915 स्थानों पर 85 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी।
- स्वच्छता: स्वच्छ भारत मिशन के स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 में पहला स्थान।
- फिट इंडिया: देश में आयोजित 10,443 कार्यक्रमों में से 6 हजार से अधिक राजस्थान में हुए।
- उज्ज्वला योजना: विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान 5.94 लाख उज्ज्वला कनेक्शन दिए गए।
इसके अलावा अंगदान, तंबाकू नियंत्रण, खनिज ब्लॉकों की नीलामी और जनभागीदारी अभियान में भी राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है।
10 योजनाओं में दूसरा और 8 में तीसरा स्थान
राजस्थान ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पीएम विश्वकर्मा, आभा आईडी निर्माण, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित कई कार्यक्रमों में दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, पीएम-कुसुम, टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान, जल संचय जनभागीदारी और एक जिला एक उत्पाद कार्यक्रम में राज्य तीसरे स्थान पर रहा।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएंगे योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सुशासन, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और मजबूत करेगा। 30 राष्ट्रीय उपलब्धियां राजस्थान की प्रशासनिक कार्यक्षमता और केंद्र-राज्य समन्वय का परिणाम हैं।



