Saturday, November 21, 2026
HomeRajasthanजयपुर के गोविंद देवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी का निधन,...

जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर के महंत अंजन कुमार गोस्वामी का निधन, 78 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

साइलेंट हार्ट अटैक से हुआ देवलोकगमन, शाम 4:30 बजे पानों के दरीबे से निकलेगी अंतिम यात्रा

जयपुर। राजधानी जयपुर के आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर के प्रधान महंत अंजन कुमार गोस्वामी का रविवार, 1 नवंबर 2026 को निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। उनके अचानक देवलोकगमन की खबर से मंदिर परिवार, संत समाज और श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12 बजे महंत अंजन कुमार गोस्वामी को साइलेंट हार्ट अटैक आया। इसके बाद उन्हें तत्काल दुर्लभजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली।

शाम 4:30 बजे निकलेगी अंतिम यात्रा
महंत अंजन कुमार गोस्वामी की अंतिम यात्रा आज शाम 4:30 बजे सुभाष चौक क्षेत्र में पानों के दरीबे स्थित उनकी हवेली से रवाना होगी। अंतिम यात्रा जलमहल के सामने स्थित समाज बाड़ी पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। समाज बाड़ी गोविंद देवजी मंदिर के गोस्वामी परिवार के सदस्यों के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित स्थल है।

सीएम भजनलाल ने जताया दुख
प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गोविंद देव जी मंदिर के महंत अंजनी कुमार गोस्वामी के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, महंत जी के गोलोकगमन का समाचार अत्यंत दुखद, उनका सम्पूर्ण जीवन गोविंद चरणों की सेवा के साथ सनातन संस्कृति और भक्ति भाव के संचार को समर्पित रहा।

गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय की परंपरा से जुड़े थे महंत
महंत अंजन कुमार गोस्वामी गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय की परंपरा से जुड़े हुए थे। वे श्री गोविंद देवजी मंदिर के प्रधान महंत होने के साथ मंदिर के मुख्य सेवाधिकारी और ट्रस्टी भी थे। उन्होंने मंदिर की धार्मिक परंपराओं, सेवा-पूजा और व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से जयपुर के धार्मिक और आध्यात्मिक जगत को बड़ी क्षति पहुंची है। मंदिर परिवार और श्रद्धालु उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image