दिल्ली। INDIA ब्लॉक की रामलीला मैदान में आयोजित महारैली के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कनॉट प्लेस में दुकानों के बंद होने को लेकर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने रैली में शामिल होने के लिए दिल्ली आने वाले लोगों से स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने की अपील की थी, ताकि दुकानदारों को फायदा मिल सके। लेकिन कनॉट प्लेस पहुंचने पर उन्हें पता चला कि भाजपा ने जबरदस्ती सारी दुकानें बंद करवा दी हैं।
राहुल गांधी ने सवाल उठाते हुए कहा कि देश देख रहा है कि व्यापारियों का नुकसान कौन कर रहा है और किस तरह किया जा रहा है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब INDIA ब्लॉक की महारैली को लेकर भाजपा और विपक्ष के बीच पहले से ही सियासी टकराव जारी है।
त्योहारों के सीजन में व्यापारियों के नुकसान पर छिड़ी बहस
दरअसल, रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली महारैली से पहले राहुल गांधी ने दिल्ली आने वाले लोगों से स्थानीय दुकानों पर खरीदारी करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि प्रदर्शन और रैली के साथ थोड़ी खरीदारी करने से छोटे दुकानदारों को फायदा होगा।
वहीं, भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया था कि त्योहारों के सीजन में बड़ी राजनीतिक रैली आयोजित करने से दिल्ली के व्यापारियों को नुकसान हो सकता है। व्यापारियों के एक संगठन ने भी रैली की तारीख बदलने की मांग की थी।



