Norway Chess 2026: भारतीय युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा ने एक बार फिर दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट में हरा दिया है. प्रज्ञाननंदा ने क्लासिकल मुकाबले में कार्लसन को दूसरी बार मात देकर टूर्नामेंट का खिताब जीतने की अपनी उम्मीदों को और मजबूत कर लिया है. इसी के साथ ही प्रज्ञाननंदा इस साल क्लासिकल शतरंज में कार्लसन को 2 बार हराने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. इस जीत के साथ उनके 12 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. वहीं, कार्लसन की 8वीं बार नॉर्वे शतरंज चैंपियन बनने की राह मुश्किल हो गई है.
‘विश्व नंबर-एक को लेकर डर नहीं रहा’
मैच के बाद प्रज्ञाननंदा ने कहा कि मेरे मन में कभी भी विश्व नंबर-एक को लेकर डर नहीं रहा. उनके खिलाफ खेलना मुझे ज्यादा उत्साहित महसूस करता हूं. इससे मैं अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखा पाता हूं. मुझे नहीं लगता उनकी मौजूदगी से मेरा खेल प्रभावित होता है. मुझे उनके खिलाफ खेलना सचमुच बहुत पसंद है.
उन्होंने आगे कहा कि उनके लिए किसी भी मुकाबले में जीत महत्वपूर्ण है, लेकिन दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी के खिलाफ जीत हासिल करना निश्चित रूप से विशेष अनुभव है. उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के अंतिम चरण में हर अंक बेहद अहम है.
गुकेश की खिताबी उम्मीदों को बड़ा झटका
दूसरी ओर, मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश की नॉर्वे शतरंज खिताब जीतने की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गई हैं. आठवें दौर में उन्हें फ्रांस के अलीरेज़ा फ़िरोजा के खिलाफ एक और हार का सामना करना पड़ा.
इस हार के बाद गुकेश के केवल 8 अंक हैं और वह अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर पहुंच गए हैं. टूर्नामेंट में यह उनकी क्लासिकल मुकाबलों में तीसरी हार रही. अब दो राउंड शेष हैं, लेकिन दोनों मुकाबले जीतने पर भी वह अधिकतम 14 अंक तक ही पहुंच पाएंगे, जिससे उनकी खिताबी संभावनाएं बेहद कमजोर हो गई हैं.
वेस्ली सो शीर्ष पर बरकरार
अंक तालिका में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो 14 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. उन्होंने आर्मागेडन टाई-ब्रेक में विंसेंट कीमर को हराकर अपनी बढ़त कायम रखी. वहीं, फ़िरोज़ा 13 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं.
महिला वर्ग में कड़ी टक्कर
महिला वर्ग में बिबिसारा असाउबायेवा ने भारत की दिव्या देशमुख को हराकर खिताब की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत की. वहीं चीन की झू जिनर ने महिला विश्व चैंपियन जू वेनजुन को हराकर 10 अंकों के साथ दिव्या की बराबरी कर ली.
इसके अलावा कोनेरू हम्पी और अन्ना मुज़िचुक के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा. आर्मागेडन टाई-ब्रेक भी बराबरी पर समाप्त हुआ, जिससे काले मोहरों से खेलने के कारण हम्पी को बोनस अंक मिला. अब टूर्नामेंट के अंतिम दो राउंड शेष हैं, जहां प्रज्ञाननंदा का सामना हमवतन गुकेश से होगा. भारतीय शतरंज प्रेमियों की नजर इस मुकाबले पर रहेगी.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में रेस्टोरेंट में लगी आग, 21 लोगों की जलकर मौत



