Saturday, October 31, 2026
HomeLatest NewsPunjab Election 2027: AAP की पहली लिस्ट जारी, CM भगवंत मान धूरी...

Punjab Election 2027: AAP की पहली लिस्ट जारी, CM भगवंत मान धूरी से लड़ेंगे चुनाव

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने पहली सूची में अपने सभी 40 मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा चुनाव मैदान में उतारा है। इस सूची के सामने आने के बाद पंजाब की राजनीति में चुनावी हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजरें आम आदमी पार्टी की अगली उम्मीदवार सूची और विपक्षी दलों की रणनीति पर टिकी हैं।

धूरी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे मुख्यमंत्री भगवंत मान

मुख्यमंत्री भगवंत मान की विधानसभा सीट को लेकर पिछले कुछ समय से कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। हालांकि, आम आदमी पार्टी ने इन चर्चाओं पर विराम लगाते हुए उन्हें एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। भगवंत मान ने 2022 के विधानसभा चुनाव में धूरी सीट से शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार दलबीर सिंह गोल्डी को 58,206 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। अब पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में भी इसी सीट से उन पर भरोसा जताया है।

संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से मिला टिकट

AAP की पहली उम्मीदवार सूची में मंत्री संजीव अरोड़ा का नाम भी शामिल है। पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। उनके जेल में होने के बावजूद पार्टी ने उन्हें चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है। इसके अलावा अजनाला विधानसभा सीट से कुलदीप सिंह धालीवाल, तरनतारन से हरमीत सिंह संधू और एसएएस नगर से कुलवंत सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।

सभी 40 मौजूदा विधायकों पर पार्टी ने जताया भरोसा

आम आदमी पार्टी ने अपनी पहली सूची में सभी 40 मौजूदा विधायकों को फिर से टिकट दिया है। पार्टी का यह फैसला मौजूदा विधायकों के प्रदर्शन और उनके क्षेत्र में जनसमर्थन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं। ऐसे में पहली सूची में 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर AAP ने आगामी चुनाव को लेकर अपनी रणनीति का शुरुआती संकेत दे दिया है।

भगवंत मान ने सभी उम्मीदवारों को दी बधाई

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक में पंजाब विधानसभा चुनाव के टिकटों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि जनता के बीच कराए गए सर्वे में जिन उम्मीदवारों को अच्छा समर्थन मिला है, उनके नामों पर मुहर लगाई गई है। पहली सूची में कुल 40 उम्मीदवारों के टिकट फाइनल किए गए हैं। भगवंत मान ने सभी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे एक बार फिर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचेंगे।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image