Pulkit Samrat Honeymoon Delay : मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता पुलकित सम्राट (Pulkit Samrat) और कृति खरबंदा (Kriti Kharbanda) ने भव्य समारोह में शादी जरूर की, लेकिन उनके वैवाहिक जीवन की शुरुआत काफी व्यस्त रही। मार्च 2024 में शादी के बाद इस कपल को पेशेवर प्रतिबद्धताओं के चलते अपना हनीमून टालना पड़ा। जहां आमतौर पर नवविवाहित जोड़े शादी के बाद छुट्टी पर जाना पसंद करते हैं, वहीं पुलकित और कृति ने अपने करियर को प्राथमिकता देना चुना। हाल ही में पुलकित ने खुलासा किया कि हनीमून पर न जाना उनके लिए एक बड़ा त्याग था। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों अपने-अपने प्रोजेक्ट्स में इतने व्यस्त थे कि समय निकालना संभव नहीं हो पाया। यह फैसला उनके प्रोफेशनल कमिटमेंट और काम के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

इस वजह से पुलकित नहीं गए कृति खरबंदा हनीमून पर
फिल्मफेयर को दिए एक हालिया इंटरव्यू में पुलकित ने खुलकर बताया कि उन्होंने और कृति ने शादी के बाद हनीमून पर न जाने का फैसला किया था। उन्होंने बताया कि उस वक्त वे दोनों अपने-अपने प्रोजेक्ट्स में पूरी तरह से व्यस्त थे। कृति ने शादी के सिर्फ तीन दिन बाद ही ‘राणा नायडू’ की शूटिंग फिर से शुरू कर दी, जबकि पुलकित जल्द ही अपने कामों में लग गए। उन्होंने कहा, मैंने जो सबसे बड़ा त्याग किया है, वह है हनीमून पर न जाना।
अभिनेता फिलहाल अपनी आगामी सीरीज़ ‘ग्लोरी’ की रिलीज़ की तैयारी में जुटे हैं, जिसमें वे एक बॉक्सर की भूमिका निभा रहे हैं। इस भूमिका की तैयारी आसान नहीं थी। पुलकित ने बताया कि उन्होंने लगभग दो साल तक कड़ी ट्रेनिंग ली, जिसकी वजह से उनका निजी समय, यहां तक कि परिवार के साथ बिताए जाने वाले पल भी काफी कम हो गए। प्रोजेक्ट की व्यस्तता के कारण उन्हें हनीमून की योजना बनाने में भी मुश्किल हुई।

पुलकित ने आगे बताया कि कृति का शेड्यूल पूरा होते ही उन्होंने तुरंत ‘ग्लोरी’ पर काम शुरू कर दिया, जिससे उन्हें आराम करने का मौका ही नहीं मिला। 1 मई को रिलीज होने वाली इस सीरीज के प्रमोशन में वो पूरी तरह से व्यस्त हैं। दरअसल, अभिनेता ने यह भी बताया कि उन्होंने एक “डिस्क्लेमर” जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि ‘ग्लोरी’ की रिलीज के बाद वो 15 दिनों तक उपलब्ध नहीं रहेंगे।

वीरे की वेडिंग’ के सेट शुरु हुई थी पुलकित और कृति की प्रेम कहानी
पुलकित और कृति की प्रेम कहानी कई साल पहले शुरू हुई थी जब वे ‘वीरे की वेडिंग’ के सेट पर मिले थे। ‘पागलपंती’ की शूटिंग के दौरान उनका रिश्ता और भी गहरा हुआ और आखिरकार उन्होंने 2019 में डेटिंग शुरू कर दी। कई साल साथ रहने के बाद, उन्होंने एक निजी समारोह में सगाई की और 15 मार्च, 2024 को आलीशान आईटीसी ग्रैंड भारत होटल में शादी के बंधन में बंध गए। वहीं, पुलकित के करियर में ‘ग्लोरी’ एक बहुत बड़ा मील का पत्थर है, क्योंकि यह उनकी मुख्य भूमिका वाली ओटीटी डेब्यू सीरीज है। करण अंशुमन और कर्मण्य आहूजा द्वारा निर्मित यह सीरीज दो भाइयों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पारिवारिक कलह, प्रतिद्वंद्विता और बॉक्सिंग की दुनिया में घटित एक हत्या के रहस्य से जूझ रहे हैं।



