CJP Meeting Update: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और केंद्र सरकार के बीच शुक्रवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में दूसरे दौर की वार्ता हुई। बैठक में सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह शामिल हुए, जबकि CJP का प्रतिनिधित्व सौरभ दास और पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने किया. बैठक के बाद CJP ने दावा किया कि उसकी तीन प्रमुख मांगों में से दो पर सरकार के साथ सकारात्मक बातचीत हुई है, जबकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सरकार ने निर्णय के लिए समय मांगा है.
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर मांगा समय
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि संगठन ने सरकार के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं. उन्होंने दावा किया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर सरकार ने अगले दिन दोपहर तक का समय मांगा है. रांका ने उम्मीद जताई कि सरकार इस संबंध में जल्द निर्णय लेगी।
#WATCH | Delhi | After meeting with the government, Cockroach Janta Party's National Spokesperson Ashutosh Ranka says, "The government has asked for time till tomorrow afternoon on our demand for Dharmendra Pradhan's resignation. We hope the govt will remove him soon. The… pic.twitter.com/0zwUGAJ6W0
— ANI (@ANI) July 24, 2026
दो मांगों पर सकारात्मक बातचीत का दावा
आशुतोष रांका के अनुसार, सरकार के साथ दो अन्य मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई. इनमें NEET विवाद से जुड़े आत्महत्या के मामलों में मृत छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने और प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज एफआईआर व अन्य कानूनी मामलों को वापस लेने के मुद्दे शामिल हैं. हालांकि, इन विषयों पर सरकार की ओर से बैठक के बाद कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
पहली बैठक रही थी बेनतीजा
इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर सरकार और CJP के बीच पहली बैठक हुई थी, लेकिन वह किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी थी। इसके बाद CJP ने तटस्थ स्थान पर बातचीत की मांग की थी, जिसके बाद कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में दूसरी बैठक आयोजित की गई।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी ने फिर गिनाईं छात्रों की तीन मांगें, बोले- पहले धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, फिर होगी चर्चा



