जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान और गुजरात के दौरे पर रहेंगे। अपने राजस्थान दौरे के दौरान वे करीब 1.06 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में पचपदरा रिफाइनरी, जयपुर मेट्रो फेज-2, जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल, रेल दोहरीकरण परियोजनाएं, जोधपुर रिंग रोड, सौर ऊर्जा एवं बिजली ट्रांसमिशन परियोजनाएं शामिल हैं।
जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन
प्रधानमंत्री सुबह जोधपुर पहुंचकर 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। लगभग 23 हजार वर्गमीटर में फैला यह आधुनिक टर्मिनल हर वर्ष 20 लाख यात्रियों की क्षमता के साथ बेहतर और सुविधाजनक हवाई सेवाएं उपलब्ध कराएगा। इसी कार्यक्रम में संशोधित उड़ान (UDAN) योजना का शुभारंभ भी किया जाएगा, जिसके तहत देशभर में 100 नए एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे।
राष्ट्र को समर्पित होगी पचपदरा की मेगा रिफाइनरी
इसके बाद प्रधानमंत्री बालोतरा जिले के पचपदरा पहुंचकर भारत की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स राष्ट्र को समर्पित करेंगे। HPCL और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम के रूप में विकसित इस परियोजना पर 79,450 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। इसकी शोधन क्षमता 9 एमएमटीपीए तथा पेट्रोकेमिकल उत्पादन क्षमता 2.4 एमएमटीपीए है। यह परियोजना ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन के लिहाज से ऐतिहासिक मानी जा रही है।
जयपुर मेट्रो फेज-2 की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें 36 मेट्रो स्टेशन होंगे। इससे सीतापुरा, वीकेआई, जयपुर एयरपोर्ट, टोंक रोड, एसएमएस अस्पताल, अंबाबाड़ी और विद्याधर नगर जैसे प्रमुख क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
चूरू रेल परियोजनाओं का होगा लोकार्पण
प्रधानमंत्री लगभग 900 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। 104 किलोमीटर लंबी इन परियोजनाओं से रेल यातायात सुगम होगा, माल परिवहन को गति मिलेगी और क्षेत्र में औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
जोधपुर रिंग रोड के नए फोरलेन की शुरुआत
प्रधानमंत्री जोधपुर रिंग रोड के कारवार-डांगियावास खंड पर एनएच-125ए के चार लेन मार्ग का उद्घाटन करेंगे। लगभग 740 करोड़ रुपये की इस परियोजना से शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और यात्रा का समय घटेगा।
युवाओं को सौंपेंगे नियुक्ति पत्र
राजस्थान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित करीब 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित करेंगे।
गुजरात में सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन
राजस्थान दौरे के बाद प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद पहुंचेंगे, जहां 7,500 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने CG OSAT सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। पूर्ण क्षमता पर यह प्लांट हर वर्ष लगभग 5 अरब सेमीकंडक्टर चिप्स का उत्पादन करेगा, जो ऑटोमोबाइल, 5G, AI, दूरसंचार और IoT जैसे क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजस्थान दौरे का देख लें शेड्यूल
सुबह 09:20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से विशेष विमान से रवाना होंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
सुबह 10:30 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे प्रधानमंत्री
सुबह 10:35 बजे सड़क मार्ग से टेक्निकल एरिया के लिए रवाना.
सुबह 10:40 बजे जोधपुर एयरपोर्ट टेक्निकल एरिया पहुंचेंगे
सुबह 10:45 बजे जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन
सुबह 10:45 बजे संशोधित उड़ान (UDAN) योजना का शुभारंभ करेंगे पीएम
सुबह 11:10 बजे टेक्निकल एरिया से एयरपोर्ट के लिए रवाना
सुबह 11:20 बजे हेलीकॉप्टर से बालोतरा के लिए होंगे रवाना
दोपहर 12:00 बजे पचपदरा हेलीपैड, बालोतरा पहुंचेंगे
दोपहर 12:05 बजे सड़क मार्ग से HPCL रिफाइनरी के लिए रवाना
दोपहर 12:15 बजे HPCL रिफाइनरी कंट्रोल रूम पहुंचेंगे पीएम
दोपहर 12:15 बजे पौधारोपण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
दोपहर 12:20 बजे रिफाइनरी मेन कंट्रोल रूम का निरीक्षण
दोपहर 12:37 बजे मुख्य समारोह स्थल (डायस) पर पहुंचेंगे पीएम
दोपहर 12:42 बजे केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का स्वागत भाषण
दोपहर 12:47 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन
दोपहर 12:52 बजे ‘विकसित राजस्थान’ पर लघु फिल्म का प्रदर्शन
दोपहर 12:57 बजे जयपुर मेट्रो फेज-2 सहित कई परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण
दोपहर 1:15 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन
दोपहर 1:45 बजे बालोतरा से जोधपुर के लिए रवाना
दोपहर 2:40 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे
दोपहर 2:45 बजे अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे प्रधानमंत्री
दोपहर 3:50 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचेंगे पीएम मोदी



