PM Modi Jodhpur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जोधपुर को बड़ी सौगात देते हुए करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए अत्याधुनिक एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का लोकार्पण किया. इस नए टर्मिनल के शुरू होने के साथ ही जोधपुर एयरपोर्ट राजस्थान का पहला ऐसा हवाई अड्डा बन गया है, जहां यात्रियों की सुविधा के लिए एक साथ 6 एयरोब्रिज उपलब्ध हैं. आधुनिक तकनीक, विश्वस्तरीय सुविधाओं और राजस्थानी संस्कृति की झलक से सजा यह टर्मिनल प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा.

पीएम मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट और उसके आसपास पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. स्थानीय पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन ने संयुक्त रूप से अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था लागू की. एयरपोर्ट से जुड़े सभी प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर वाहनों और लोगों की गहन जांच की गई.
कैसा है नया टर्मिनल भवन
नया टर्मिनल भवन आधुनिक सुविधाओं से पूरी तरह लैस है, यहां यात्रियों के लिए अत्याधुनिक इन-लाइन बैगेज स्क्रीनिंग सिस्टम, कई नए चेक-इन काउंटर, 4 एस्केलेटर, 5 लिफ्ट, 3 अराइवल कन्वेयर बेल्ट, 240 चार्जिंग चेयर, 7 इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग पॉइंट, 2 वीआईपी लाउंज और 1 एग्जीक्यूटिव लाउंज की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विशाल फूड कोर्ट, आधुनिक शॉपिंग एरिया और बेहतर पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी.

ग्रीन बिल्डिंग के रूप में किया गया डिजाइन
टर्मिनल भवन को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल अवधारणा के आधार पर विकसित किया गया है. इसे ग्रीन बिल्डिंग के रूप में डिजाइन किया गया है, जिससे ऊर्जा की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा. भवन की वास्तुकला में जोधपुर की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक राजस्थानी शैली को विशेष रूप से शामिल किया गया है, जिससे यह यात्रियों को स्थानीय संस्कृति का भी अनुभव कराएगा.
LIVE : प्रधानमंत्री श्री @narendramodi द्वारा जोधपुर एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग का उद्घाटन, जोधपुर।#PMModi4ViksitRajasthanhttps://t.co/5Ho8zfjBya
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) July 4, 2026
नए टर्मिनल के संचालन से यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा. साथ ही जोधपुर से देश के विभिन्न शहरों के लिए हवाई सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी. माना जा रहा है कि यह परियोजना पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के साथ-साथ पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.



