Tuesday, May 19, 2026
HomeLatest Newsसैम पित्रोदा ने अनजाने में खुलासा किया कि कांग्रेस भारत-विरोधी वैश्विक गठबंधन...

सैम पित्रोदा ने अनजाने में खुलासा किया कि कांग्रेस भारत-विरोधी वैश्विक गठबंधन का हिस्सा है : सुधांशु त्रिवेदी

भाजपा ने सैम पित्रोदा के बयान का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘भारत विरोधी’ वैश्विक गठबंधन का हिस्सा है। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पित्रोदा ने अनजाने में खुलासा किया कि कांग्रेस ‘ग्लोबल प्रोग्रेसिव अलायंस’ में आधिकारिक भूमिका निभाती है और राहुल गांधी इसके अध्यक्षीय मंडल का हिस्सा हैं।

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आरोप लगाया कि सैम पित्रोदा ने यह ‘‘खुलासा’’ करते हुए अनजाने में कांग्रेस का असली चेहरा उजागर कर दिया है कि कांग्रेस एक ‘‘भारत विरोधी’’ वैश्विक गठबंधन का हिस्सा है। इसने कहा कि राहुल गांधी अक्सर विदेश जाकर संबंधित गठबंधन के कार्यक्रमों में इस उम्मीद के साथ भाग लेते हैं कि उनकी पार्टी इसके समर्थन से केंद्र में सत्ता में वापस आ जाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने पित्रोदा द्वारा एक समाचार चैनल के साथ साक्षात्कार में की गई टिप्पणियों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के विदेश विभाग के अध्यक्ष ने खुलासा किया कि पार्टी ‘ग्लोबल प्रोग्रेसिव अलायंस’ (जीपीए) में एक ‘‘आधिकारिक पद’’ रखती है और गांधी इसके अध्यक्षीय मंडल का हिस्सा हैं।

पित्रोदा ने कांग्रेस का असली चेहरा उजागर किया : सुधांशु त्रिवेदी

भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक प्रेसवार्ता में कहा कि राहुल गांधी के पारंपरिक पारिवारिक सलाहकार और उनकी सोच एवं मनोविज्ञान के सूत्रधार सैम पित्रोदा ने कल एक साक्षात्कार में अनजाने में कांग्रेस का असली चेहरा उजागर कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ‘ग्लोबल प्रोग्रेसिव अलायंस’ का हिस्सा है और राहुल गांधी हाल ही में इसकी बैठक में भाग लेने के लिए जर्मनी गए थे। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि जीपीए उन संगठनों के नेटवर्क से जुड़ा है, जो ‘‘भारत विरोधी विमर्श’’ गढ़ने में लगे हुए हैं। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस को ऐसे समूह में अपनी ‘‘भूमिका’’ स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने हाल ही में कांग्रेस नेता की जर्मनी यात्रा के दौरान बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल की अध्यक्ष एवं प्रोफेसर कॉर्नेलिया वोल के साथ मुलाकात का जिक्र किया।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने भारत विरोधी ताकतों के समर्थन से सत्ता हासिल करने के दिवास्वप्न देखने शुरू कर दिए हैं, क्योंकि उन्हें कांग्रेस के साथ ऐसी सभी संभावनाएं समाप्त होती दिख रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वोल, सेंट्रल यूरोपियन यूनिवर्सिटी के न्यासियों में से एक हैं। इस यूनिवर्सिटी को अमेरिकी अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस की ओपन सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा वित्त पोषित किया जाता है। त्रिवेदी ने कहा, जनवरी 2020 में दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक में, जॉर्ज सोरोस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लेते हुए कहा था कि उसने दुनिया में नागरिक समाज को पुनर्स्थापित करने और राष्ट्रवादी ताकतों को खत्म करने के लिए एक अरब डॉलर रखे हैं।

यह उल्लेख करते हुए कि पित्रोदा ने अपने साक्षात्कार में यह भी कहा था कि जीपीए 110 देशों के लोकतंत्रों का गठबंधन है, भाजपा नेता ने कहा कि ‘‘पश्चिमी दुनिया’’ के अलावा, पूर्व में केवल भारत, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और जापान ही ‘‘लगातार जीवंत लोकतंत्र’’ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे कांग्रेस से स्पष्ट जवाब चाहिए। ये 110 देश कौन से हैं, जो लोकतांत्रिक राष्ट्रों की आड़ में भारत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि यह (भारत) विश्व में लोकतंत्र का उद्गम स्थल है?’’

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular