Parliament Monsoon Session: नीट प्रश्नपत्र लीक और इसके विरोध में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई समेत विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण मंगलवार को लोकसभा की बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई.
सदन की बैठक शुरू होते ही हंगामा
मानसून सत्र के दूसरे दिन निचले सदन की बैठक शुरू होते ही अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू कराया. इसी दौरान कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य अपनी मांगें उठाते हुए शोर-शराबा करने लगे. बिरला ने आसन के पास नारेबाजी कर रहे विपक्षी दलों के सांसदों से प्रश्नकाल चलने देने की अपील की.उन्होंने कहा, ‘प्रश्नकाल चलाने में सहयोग करें. प्रश्नकाल के बाद उचित नियम प्रकियाओं के तहत सभी मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर दिया जाएगा.’
कार्यवाही की गई स्थगित
शोर-शराबे के बीच उन्होंने कार्यवाही कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी. गौरतलब है कि मानसून सत्र की शुरुआत सोमवार को हुई और पहले दिन भी लोकसभा में हंगामे के कारण कार्यवाही बार-बार बाधित हुई.
ये भी पढे़ें: ‘पेपरलीक के गुनहगारों पर होगी सख्त कार्रवाई’, बीजेपी संसदीय दल की बैठक में बोले PM मोदी



