नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पूर्व पत्रकार निधि राजदान की शादी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को सोशल मीडिया पर निधि के साथ दो तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘कल एक नई शुरुआत हुई, निधि।’ पोस्ट के साथ उन्होंने रिंग इमोजी भी लगाया। उमर अब्दुल्ला की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दोनों की शादी और सगाई को लेकर कयास लगाने लगे। निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया पर रिंग इमोजी के साथ ‘इट्स डन ब्रो’ लिखा। हालांकि, इन पोस्ट के आधार पर शादी की आधिकारिक पुष्टि स्पष्ट नहीं हुई है।
31 जुलाई को पायल से हुआ था तलाक
उमर अब्दुल्ला और उनकी पहली पत्नी पायल का तलाक इसी साल 31 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने मंजूर किया था। दोनों की शादी करीब 32 साल पहले हुई थी और वे वर्ष 2011 से अलग रह रहे थे। दोनों ने अदालत में आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध समाप्त करने और सभी विवादों को सुलझाने की बात कही थी। उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिसमें उनकी शादी समाप्त करने की मांग खारिज कर दी गई थी।
निधि राजदान रह चुकी हैं वरिष्ठ पत्रकार
निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार रही हैं। उन्होंने लंबे समय तक टेलीविजन पत्रकारिता में काम किया है। उमर अब्दुल्ला के साथ उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
दिग्विजय सिंह ने भी पत्रकार अमृता राय से की थी शादी
राजनीति और पत्रकारिता से जुड़ी हस्तियों के विवाह का एक चर्चित उदाहरण मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और पत्रकार अमृता राय का भी है। दिग्विजय सिंह ने वर्ष 2015 में चेन्नई में अमृता राय से हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह किया था। अमृता ने सितंबर 2015 में सोशल मीडिया के जरिए शादी की जानकारी साझा की थी। दिग्विजय सिंह की पहली पत्नी आशा सिंह का वर्ष 2013 में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। अमृता राय की भी यह दूसरी शादी थी।



