जयपुर। दीपावली के त्योहारी सीजन में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मालवीय नगर सेक्टर-10 स्थित जनता डेयरी पर कार्रवाई के दौरान करीब 500 किलो घटिया गुणवत्ता का पनीर मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर के नमूने लेने के बाद शेष पनीर को खाने योग्य नहीं पाए जाने पर नष्ट करवा दिया। यह कार्रवाई ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त मुख्य सचिव गायत्री राठौड़ और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल शर्मा के निर्देशों की पालना में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने त्योहारी सीजन में आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की।
अलवर से 200 रुपये किलो में खरीदा जा रहा था पनीर
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद दुकानदार इरफान पुत्र आस मोहम्मद ने अधिकारियों को बताया कि वह अलवर से 200 रुपये प्रति किलो की दर से पनीर खरीदकर जयपुर के विभिन्न ढाबों और रेस्टोरेंट में सप्लाई करता है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, इतनी कम कीमत पर गुणवत्तायुक्त पनीर तैयार करना मुश्किल है। अधिकारियों ने आशंका जताई कि इस तरह का घटिया पनीर रिफाइंड खाद्य तेल और मिल्क पाउडर जैसी सामग्री से तैयार किया जा सकता है। विभाग के मुताबिक, कम कीमत पर खरीदे गए ऐसे पनीर को कई बार होटल और रेस्टोरेंट में ऊंचे दाम पर बेचा जाता है। इससे कारोबारियों को मुनाफा होता है, जबकि ग्राहकों को पनीर की गुणवत्ता को लेकर भ्रमित किया जा सकता है।
त्योहारी सीजन में बढ़ जाती है घटिया पनीर की आवक
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों के दौरान घटिया गुणवत्ता वाले पनीर की आवक बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए टीम ने रैकी कर सटीक जानकारी जुटाई और जनता डेयरी पर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के तहत पनीर के नमूने लिए गए। जांच के लिए सैंपल खाद्य प्रयोगशाला जयपुर भेजे गए हैं।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि करीब 500 किलो पनीर में से नमूने लेने के बाद शेष पनीर को खाने योग्य नहीं पाए जाने पर नष्ट करवा दिया गया। अब खाद्य प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।



