अहमदाबाद। सऊदी अरब के दम्माम से दिल्ली जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान के शौचालय में एक कागज पर ‘बम’ लिखा मिला। सुरक्षा के मद्देनजर विमान का मार्ग बदलकर अहमदाबाद हवाईअड्डे पर उतारा गया। विमान में सवार सभी 32 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, विमान के शौचालय में चालक दल के एक सदस्य को एक कागज का टुकड़ा मिला, जिस पर बम होने का संकेत देने वाला शब्द लिखा था। इसके बाद तत्काल सुरक्षा अधिकारियों को सूचना दी गई और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी गई। एहतियाती कदम के तौर पर विमान को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया।
विमान के अहमदाबाद हवाईअड्डे पर सुरक्षित उतरने के बाद सभी यात्रियों को विमान से बाहर निकालकर टर्मिनल-2 में ले जाया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की गहन जांच शुरू की। विमान के अंदर और उससे जुड़े सभी हिस्सों की तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही बम धमकी के आकलन के लिए गठित सरकारी समिति को सक्रिय कर दिया गया। इसके साथ ही हवाईअड्डे पर निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए। सुरक्षा एजेंसियां विमान की जांच के साथ यह पता लगाने में भी जुटी हैं कि शौचालय में धमकी वाला कागज किसने और किस उद्देश्य से रखा था।
विमानन कंपनी के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विमान को अहमदाबाद उतारने का फैसला किया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सुरक्षा जांच पूरी होने तक विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, आवश्यक जांच और सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को आगे की उड़ान के लिए रवाना किया जाएगा।
घटना के बाद हवाईअड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। जांच एजेंसियां मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि विमान के शौचालय में मिला कागज वास्तविक खतरे का संकेत था या किसी की शरारत।



