अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के बुटोली गांव में सोमवार शाम पतंग लूटने के दौरान 9 साल का बच्चा खुले बोरवेल में गिर गया। करीब 400 फीट गहरे बोरवेल में भानु लगभग 40 फीट की गहराई पर जाकर फंस गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 5 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात करीब 11 बजे भानु को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के बाहर आते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तालियां बजाकर खुशी जताई। परिजनों की आंखों में भी राहत के आंसू आ गए।
पतंग लूटते समय हुआ हादसा
बुटोली गांव निवासी शीशराम का 9 वर्षीय बेटा भानु सोमवार शाम पतंग लूटने के लिए खेत की ओर दौड़ रहा था। इसी दौरान उसका पैर एक पुराने खुले बोरवेल के ऊपर रखे पत्थर पर पड़ गया। पत्थर खिसकते ही भानु बोरवेल में जा गिरा। बताया गया कि वह करीब 40 फीट नीचे जाकर फंस गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। अधिकारियों के पहुंचने के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
3 जेसीबी से खोदी गई जमीन, कैमरे से रखी गई नजर
बच्चे को बाहर निकालने के लिए बोरवेल के आसपास तीन जेसीबी मशीनों की मदद से खुदाई की गई और करीब 25 फीट गहरा गड्ढा तैयार किया गया। रेस्क्यू के दौरान एक युवक को बोरवेल में नीचे उतारने का प्रयास भी किया गया, लेकिन यह सफल नहीं हो सका। इसके बाद बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए कैमरा लगाया गया। राहत की बात यह रही कि भानु लगातार बातचीत कर रहा था। डॉक्टरों की टीम मौके पर मौजूद रही और बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाई गई। जरूरत के अनुसार उसे पानी भी उपलब्ध कराया गया।
SDRF और NDRF की टीमों ने संभाला मोर्चा
रेस्क्यू ऑपरेशन में SDRF और NDRF की टीमें भी जुटीं। एक अतिरिक्त NDRF टीम को बाहर से बुलाया गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे। मौके पर विधायक सुखवंत सिंह, एसडीएम मनीषा रेशम, तहसीलदार मनीष कुमार शर्मा, डीएसपी नरेंद्र कुमार और थाना प्रभारी राजेश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के मुताबिक बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया गया।
5 घंटे बाद सुरक्षित बाहर आया भानु
करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 11 बजे रेस्क्यू टीम ने भानु को बोरवेल से बाहर निकाल लिया। बच्चे के बाहर आते ही गांव में खुशी का माहौल बन गया। इसके बाद उसे तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की। शुरुआती जानकारी के अनुसार भानु की हालत ठीक बताई जा रही है और वह अस्पताल ले जाने के दौरान बातचीत कर रहा था। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टीम को बच्चे को बोरवेल से सुरक्षित बाहर निकालते देखा जा सकता है।



