Jaipur Sewer Line News : जयपुर। पत्रकार कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में करोड़ों रुपए की लागत से सीवरेज नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और भविष्य की जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा। बावजूद इसके जिस परियोजना का उद्देश्य लोगों को राहत देना है, उसी पर अब सवाल उठने लगे हैं। कई स्थानों पर पाइप के आकार, निर्माण की गुणवत्ता, खुदाई के तरीके और कार्य की निगरानी को लेकर स्थानीय लोग लगातार आपत्तियां जता रहे हैं। जब अभी ही सवाल उठ रहे हैं, तो भविष्य में इस व्यवस्था की विश्वसनीयता पर चिंता स्वाभाविक है।
सीवरेज लाइन कोई ऐसा निर्माण नहीं है जिसे हर दो-चार साल में बदला जा सके। यह दशकों तक चलने वाला सिस्टम होता है। इसलिए इसमें की गई छोटी-सी तकनीकी चूक भी आगे चलकर बड़ी परेशानी बन सकती है। यदि कहीं पाइप का आकार क्षेत्र की जरूरत के अनुरूप नहीं है, ढाल सही नहीं है या गुणवत्ता से समझौता किया गया है, तो परिणाम सीवर जाम, जलभराव और बार-बार सड़कों की खुदाई के रूप में सामने आ सकते हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि काम पूरी तरह तकनीकी मानकों के अनुसार हो रहा है, तो फिर इतनी शिकायतें क्यों आ रही हैं? शिकायतें निराधार हैं, तो संबंधित विभाग खुलकर तकनीकी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं करता?
पारदर्शिता की कमी ही संदेह को जन्म देती है। जनता जानना चाहती है कि किस आधार पर पाइप का आकार तय किया गया, गुणवत्ता की जांच किसने की और कार्य का अंतिम प्रमाणन किस अधिकारी ने दिया। यह भी चिंताजनक है कि निर्माण कार्यों की निगरानी करने वाले अभियंता और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कितने सक्रिय हैं। यदि करोड़ों रुपए की परियोजना में भी निगरानी प्रभावी नहीं होगी, तो फिर जवाबदेही किसकी तय होगी? ठेकेदार का काम निर्माण करना है, लेकिन यह सुनिश्चित करना कि निर्माण मानकों के अनुरूप हो, सरकार और संबंधित विभाग की जिम्मेदारी है।
सीवरेज लाइन किसी भी शहर की ऐसी आधारभूत व्यवस्था है, जिसकी खामियां तुरंत दिखाई नहीं देतीं, लेकिन जब समस्या आती है तो पूरा इलाका प्रभावित हो जाता है। यदि शुरुआत में ही क्षमता से कम या अनुपयुक्त पाइप लगाए जाएं, ढाल सही न रखी जाए या निर्माण गुणवत्ता में कमी हो, तो भविष्य में सीवरेज लाइन के बार-बार ब्लॉक होने का खतरा बढ़ सकता है। जब सीवरेज लाइन जाम होती है तो सबसे पहले घरों और सड़कों पर गंदा पानी भरने लगता है। बदबू, संक्रमण, मच्छरों का प्रकोप और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। कई बार पूरी सड़क को फिर से खोदना पड़ता है, जिससे यातायात बाधित होता है और जनता को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ती है। ऐसे में करोड़ों खर्च कर बनाई गई परियोजना का उद्देश्य ही अधूरा रह जाता है।
जयपुर पहले भी सीवर जाम, जलभराव और टूटी सड़कों की समस्याओं से जूझता रहा है। यदि नई परियोजना में भी वही गलतियां दोहराई गईं, तो जनता को राहत नहीं बल्कि नई परेशानियां मिलेंगी। इससे सरकारी धन की बर्बादी भी होगी और लोगों का भरोसा भी कमजोर होगा। सरकार को चाहिए कि जहां-जहां गुणवत्ता या पाइप के आकार को लेकर सवाल उठे हैं, वहां स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट कराया जाए। यदि सब कुछ सही है तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, और यदि कहीं गड़बड़ी मिली है तो ठेकेदार ही नहीं, बल्कि निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाए। विकास का अर्थ केवल परियोजनाओं का उद्घाटन नहीं, बल्कि ऐसी आधारभूत संरचना तैयार करना है जो वर्षों तक बिना परेशानी के काम करे। इसलिए सीवरेज लाइन परियोजना पर उठ रहे सवालों को नजरअंदाज करने के बजाय गंभीरता से लिया जाना चाहिए। क्योंकि आज छोड़ी गई छोटी-सी खामी, कल पूरे शहर के लिए बड़ी समस्या बन सकती है।



