हर परीक्षा मुश्किल सी हो चली है। अब नीट 2026 परीक्षा गैस पेपर की वजह से विवादों में आ गई है। एसओजी के हाथ लगे गैस पेपर की हकीकत पर अभी सवाल उठ रहे हैं। इसमें सच्चाई कितनी है, यह अभी सामने नहीं आया पर जिस तरह की बातें उठ रही हैं, उसने सबको परेशानी में जरूर डाल दिया। अब कहा यह भी जा रहा है कि सोशल मीडिया के जरिए सीकर के कन्सलटेंसी संचालक के पास यह पेपर आया था और इसके पांच-पांच लाख रुपए में बेचने के आरोप भी लग रहे हैं।
वैसे 150 पेज के गैस पेपर में 410 प्रश्न में से परीक्षा में 120 सवाल हूबहू आने पर संदेह गहरा रहा है। इस पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को खुद सफाई देनी पड़ी है। एजेंसी ने माना है कि कुछ संदिग्ध इनपुट केंद्रीय एजेंसियों को जांच के लिए भेजे गए हैं, हालांकि उसने परीक्षा को “कड़ी सुरक्षा व्यवस्था” के बीच संपन्न कराने का दावा भी किया है। सवाल यह है कि आखिर हर बड़ी परीक्षा के बाद भरोसे का संकट क्यों खड़ा हो जाता है? लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत, तनाव और उम्मीदों के साथ परीक्षा देते हैं, लेकिन जैसे ही पेपर लीक या फर्जीवाड़े की खबर आती है, पूरी व्यवस्था कटघरे में आ जाती है।
भले जांच बाद में सच और अफवाह में फर्क कर दे, लेकिन तब तक विद्यार्थियों का मानसिक संतुलन और भरोसा दोनों प्रभावित हो चुके होते हैं। असल में प्रतियोगी परीक्षाएं अब प्रतिभा की नहीं, बल्कि व्यवस्था की विश्वसनीयता की परीक्षा बनती जा रही हैं। कोई भी बड़ी भर्ती परीक्षा या प्रवेश परीक्षा हो, पेपर लीक की आशंका पहले से ही उम्मीदवारों के मन में घर कर चुकी होती है। नीट, शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती, पटवारी, एसएससी से लेकर राज्यों की छोटी-बड़ी परीक्षाओं तक, हर बार यही सवाल उठता है, क्या मेहनत करने वालों को सच में न्याय मिलेगा? सबसे चिंता की बात यह है कि पेपर लीक अब अपवाद नहीं, बल्कि संगठित अपराध का रूप ले चुका है। इसमें केवल कुछ दलाल ही नहीं, बल्कि कई बार कोचिंग नेटवर्क, तकनीकी विशेषज्ञ, प्रिंटिंग सिस्टम से जुड़े लोग और अंदरूनी तंत्र तक शामिल पाए जाते हैं। करोड़ों रुपये का खेल युवाओं के भविष्य पर भारी पड़ रहा है।
एक परीक्षा रद्द होती है तो लाखों अभ्यर्थियों का समय, पैसा और मानसिक संतुलन प्रभावित होता है। गांवों से शहरों तक परीक्षा देने आने वाले गरीब परिवारों के सपने एक झटके में टूट जाते हैं। सवाल यह है कि आखिर इसका ठोस समाधान क्या है? केवल जांच कमेटियां बैठाने और कुछ गिरफ्तारियां कर देने से समस्या खत्म नहीं होगी। जरूरत है परीक्षा प्रणाली में तकनीकी और प्रशासनिक दोनों स्तर पर बड़े सुधारों की। सबसे पहले प्रश्नपत्र निर्माण से लेकर वितरण तक पूरी प्रक्रिया को ‘डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम’ से जोड़ा जाए। पेपर किस प्रिंटिंग प्रेस में छपा, किस अधिकारी ने संभाला, किस वाहन से भेजा गया और किस समय केंद्र तक पहुंचा, हर चरण की लाइव मॉनिटरिंग हो।
परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन और एआई आधारित निगरानी अनिवार्य की जाए ताकि फर्जी अभ्यर्थियों और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत रोक लगे। पेपर लीक को सामान्य अपराध नहीं, “राष्ट्र के भविष्य के खिलाफ अपराध” माना जाए। इसमें शामिल लोगों की संपत्ति जब्त हो, उम्रकैद तक का प्रावधान हो और मामलों का फैसला फास्ट ट्रैक अदालतों में छह महीने के भीतर हो। जब तक सजा का डर बड़ा नहीं होगा, तब तक यह धंधा बंद नहीं होगा। साथ ही सरकारों को यह भी समझना होगा कि वर्षों तक भर्ती परीक्षाएं लंबित रखना भी भ्रष्ट नेटवर्क को बढ़ावा देता है। सीमित अवसर और भारी प्रतिस्पर्धा युवाओं को असुरक्षा और हताशा की ओर धकेलती है। नियमित और समयबद्ध भर्तियां इस दबाव को कम कर सकती हैं। असल लड़ाई केवल पेपर लीक रोकने की नहीं, बल्कि युवाओं का भरोसा बचाने की है। यदि मेहनत और ईमानदारी का मूल्य खत्म होने लगे, तो समाज में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ेंगे। अब वक्त आ गया है कि सरकारें केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ऐसा कठोर और पारदर्शी सिस्टम खड़ा करें, जहां परीक्षा का मतलब सच में योग्यता हो, जुगाड़ नहीं।



