Morena Train Accident: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया. जहां उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने से यात्रियों में अफरा तफरी मच गई. जान बचाने की कोशिश में कई यात्री ट्रेन से उतरकर रेलवे ट्रैक पर आ गए, जहां दूसरी पटरी पर तेज रफ्तार से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई. हादसे में कई अन्य लोगों के घायल होने की भी आशंका जताई जा रही है.
कैसे हुआ हादसा ?
जानकारी के अनुसार, उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना जिले के हेतमपुर स्टेशन के पास पहुंची थी. इसी दौरान अफवाह फैल गई कि ट्रेन में आग लग गई है. अफवाह सुनते ही यात्रियों में घबराहट फैल गई और देखते ही देखते ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कुछ यात्रियों ने घबराकर ट्रेन की चेन खींच दी, जिसके बाद ट्रेन रुक गई. ट्रेन रुकते ही बड़ी संख्या में यात्री अपनी सुरक्षा के लिए कोच से नीचे उतरने लगे.
इसी बीच दूसरी पटरी पर पातालकोट एक्सप्रेस तेज गति से गुजर रही थी. ट्रैक पर मौजूद यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला और वे ट्रेन की चपेट में आ गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में हड़कंप फैल गया.
रेलवे अधिकारी और प्रशासन पहुंचा मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों की पहचान करने और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
ट्रेन में सफर कर रही महिला ने बताई ये बात
ट्रेन में सफर कर रही एक महिला यात्री ने बताया कि अचानक किसी ने चिल्लाना शुरू कर दिया कि ट्रेन में आग लग गई है. इसके बाद यात्रियों में दहशत फैल गई और लोग जल्दबाजी में ट्रेन से उतरने लगे. महिला के अनुसार, जब कुछ यात्री दूसरी पटरी की ओर जा रहे थे, तभी वहां से पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी और कई लोग उसकी चपेट में आ गए. उन्होंने बताया कि हादसे में एक परिवार भी प्रभावित हुआ है, जिसमें पति-पत्नी और उनके दो बच्चे शामिल थे.
आखिर कैसे फैली अफवाह, जांच शुरू
फिलहाल प्रशासन और रेलवे अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि ट्रेन में आग लगने की अफवाह कैसे फैली.अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि अफवाह किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर फैलाई गई थी या फिर किसी गलतफहमी के कारण यह स्थिति बनी. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: ‘भारत और फ्रांस का रिश्ता साझा विजन पर आधारित’, ‘भारत इनोवेट्स 2026’ में बोले पीएम मोदी



