PM Modi- Marco Rubio Meeting : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो (Marco Rubio) के बीच शनिवार को अहम मुलाकात हुई, जिसमें भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। दोनों नेताओं ने खास तौर पर रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और प्रौद्योगिकी सहयोग को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
भारत और अमेरिका वैश्विक हित के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे : मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मिलकर मुझे प्रसन्नता हुई। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी में निरंतर प्रगति और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति एवं सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका वैश्विक हित के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को रक्षा, रणनीतिक प्रौद्योगिकी, व्यापार और निवेश, ऊर्जा सुरक्षा, कनेक्टिविटी, शिक्षा और दोनों देशों के लागों के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में निरंतर प्रगति के बारे में जानकारी दी।’’ प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री रूबियो ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर अमेरिका का दृष्टिकोण साझा किया।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि मोदी ने शांति प्रयासों के लिए भारत के निरंतर समर्थन की पुष्टि की और संघर्षों का संवाद एवं कूटनीति के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान का आह्वान दोहराया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने विदेश मंत्री रूबियो से राष्ट्रपति ट्रंप को उनकी शुभकामनाएं देने का अनुरोध किया और कहा कि वे भविष्य में भी आपसी संवाद और आदान-प्रदान जारी रहने की आशा रखते हैं।’ राजदूत गोर ने कहा कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने प्रधानमंत्री मोदी को निकट भविष्य में व्हाइट हाउस आने का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से निमंत्रण दिया। रविवार को रूबियो जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
अमेरिकी विदेश मंत्री सोमवार को आगरा और जयपुर का दौरा करेंगे और फिर मंगलवार सुबह क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए दिल्ली लौटेंगे। इस चार-दिवसीय यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को सुधारना है, जिनमें पिछले साल के मध्य से ही तनाव है। रूबियो ने आज सुबह कोलकाता पहुंचने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ‘‘भारत पहुंच गया हूं। एक शानदार यात्रा की उम्मीद है।’’ राजधानी दिल्ली रवाना होने से पहले कोलकाता स्थित ‘‘सेंट टेरेसा मिशनरीज ऑफ चैरिटी’’ के मुख्यालय ‘मदर हाउस’ का दौरा किया।



