पुणे। महाराष्ट्र में चर्चित अशोक खरात मामले ने एक नया और सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। इस केस के प्रमुख गवाह डॉ. जितेंद्र शेलके और उनकी पत्नी अनुराधा शेलके की एक भीषण सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जिससे पूरे मामले को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे में उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना समृद्धि महामार्ग पर उस समय हुई जब डॉ. शेलके अपने परिवार के साथ छत्रपति संभाजीनगर से शिर्डी जा रहे थे। रास्ते में धोत्रे गांव के पास उनकी कार तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन कंटेनर के नीचे तक घुस गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों को शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
यह खबर भी पढ़ें: नशे के कारोबार पर वार: PIT NDPS एक्ट में 5 तस्कर हिरासत में लिए गए
डॉ. शेलके इस मामले में एक महत्वपूर्ण कड़ी माने जा रहे थे। वे शिवनिका ट्रस्ट से जुड़े थे और अशोक खरात के खिलाफ चल रहे मामलों में अहम गवाह की भूमिका निभा रहे थे। खरात पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी और अंधविश्वास फैलाने जैसे गंभीर आरोप दर्ज हैं, जिनकी जांच अलग-अलग स्थानों पर चल रही है। इस घटना के बाद कई तरह की आशंकाएं सामने आ रही हैं। सवाल उठ रहा है कि यह केवल एक सड़क हादसा था या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश हो सकती है। एक अहम गवाह की अचानक मौत ने जांच एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है।
अहमदनगर क्राइम ब्रांच ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ यह भी जांचा जा रहा है कि कहीं किसी ने कार का पीछा तो नहीं किया या किसी प्रकार की साजिश तो नहीं रची गई।
इस हादसे के बाद अशोक खरात केस की दिशा और गति पर असर पड़ सकता है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुटी है।



