2030 Commonwealth Games : नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी की तैयारियों के बीच खेल मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने गुरुवार को घोषणा की कि अहमदाबाद में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान बेहतर तालमेल और संचालन सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय खेल संघों (NSF) में आईटी सलाहकार नियुक्त किए जाएंगे। यह पहल राष्ट्रीय खेल डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र (NSDE) के व्यापक ढांचे का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य खेल प्रशासन को पूरी तरह डिजिटल और अधिक प्रभावी बनाना है। मंत्रालय का मानना है कि इस नई व्यवस्था से प्रतियोगिताओं, खिलाड़ियों के डेटा, राष्ट्रीय शिविरों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं का संचालन पहले से ज्यादा तेज और व्यवस्थित हो सकेगा। हालांकि मंत्रालय ने अभी यह साफ नहीं किया है कि वह प्रत्येक संघ में कितने पेशेवरों को नियुक्त करना चाहता है, इसके लिए क्या समय-सीमा या मापदंड होंगे। खेल मंत्रालय वर्तमान में 40 से अधिक राष्ट्रीय संघों को मान्यता देता है।
खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, इस पहल का उद्देश्य संघ विशिष्ट डिजिटल प्रणाली को सुव्यवस्थित करना और प्रतियोगिताओं, राष्ट्रीय कोचिंग शिविरों, खिलाड़ियों की भागीदारी, प्रशासन प्रक्रियाओं और वास्तविक समय में तालमेल के लिए अधिक प्रभावी योजना बनाना है क्योंकि भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों और अपनी दीर्घकालिक ओलंपिक महत्वाकांक्षाओं से पहले एक मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की तैयारी कर रहा है। आईटी सलाहकारों को एनएसएफ की मदद करनी होगी जिससे कि एनएसडीई ढांचे के तहत डिजिटल प्रणाली को आसानी से लागू किया जा सके।
मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा, आईटी पेशेवरों को भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के आईटी सेल ने ट्रेनिंग दी है और वे काम करने के लिए तैयार हैं। वे खास तौर पर उन छोटे महासंघ के लिए उपयोगी हैं जिनके पास खुद से यह अपग्रेड करने के लिए संसाधन नहीं हैं। सलाहकारों से उम्मीद की जाती है कि वे महासंघ को सालाना कैलेंडर और प्रस्ताव बनाने, खेल प्रबंधन प्रणाली पर खिलाड़ियों और अधिकारियों के नामांकन, सालाना नवीनीकरण जमा करने और डिजीलॉकर के लिए टूर्नामेंट के नतीजे अपलोड करने जैसे क्षेत्रों में मदद करेंगे।
मंत्रालय ने कहा, इस पहल से उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की योजना और राष्ट्रीय शिविर के प्रबंधन में कार्यक्षमता को काफी हद तक बेहतर बनाएगी और यह सुनिश्चित करेगी कि खिलाड़ी का डेटा, कार्यक्रम, नामांकन और मंजूरी समय पर और एक साथ जारी हो। उन्होंने कहा, इससे यह भी उम्मीद है कि यह संचालन समन्वय में आने वाली कमियों को कम करेगा, डेटा की गुणवत्ता को मजबूत करेगा, समयसीमा का पालन बेहतर करेगा और महासंघों को खिलाड़ियों के विकास और खेल में उत्कृष्टता पर अधिक प्रभावी ढंग से ध्यान केंद्रित करने में सक्षम बनाएगा।



