जयपुर। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन के दौरान पुलिस और रितु बराला मारपीट मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। दिल्ली पुलिस की महिला पुलिसकर्मी पर कांग्रेस पार्टी द्वारा जयपुर में जीरो एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस कमिश्नरेट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा धरना—प्रदर्शन किया जा रहा है। इन सबके बाद अब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने भी इस मामले में अपनी उपस्थिति दर्ज करा ली है। बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ ने धरना दे रहे कांग्रेस नेताओं को लेकर व्यंगात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की बुद्धि पर आश्चर्य होता है।
राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को प्रदेश मुख्यालय पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मुझे राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की बुद्धि पर आश्चर्य होता है। उन्होंने कहा कि जहां घटना होती है, एफआईआर भी वहीं दर्ज की जाती है, अगर किसी कारणवश वहां के अधिकारी एफआईआर दर्ज नहीं करते हैं, तो एफआईआर दर्ज करवाने के भी अन्य कई विकल्प हैं। ऐसे में लगता है कि कांग्रेस नेता कानून नहीं जानते हैं।
मदन राठौड़ ने प्रदेश कांग्रेस नेताओं पर आलाकमान से श्रेय लेने के लिये ड्रामा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस नेता अव्यवस्था फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस के नेता अपने विवेक का इस्तेमाल किये बिना ही आलाकमान से मिले आदेशों पर ड्रामा कर रहे हैं। मदन राठौड़ ने कहा कि ये लोगों का त्यौहार खराब करने पर तुले हैं, जो कि ठीक नहीं है।
वहीं इस पूरे मामले पर जयपुर पुलिस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दिल्ली में हुई इस घटना को लेकर कांग्रेस नेता जयपुर में जीरो एफआईआर दर्ज करवाने की मांग कर रहे हैं। जिसके बाद दिल्ली पुलिस से संपर्क करने पर सामने आया कि रितु बराला ने उसी दिन दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। वहां जांच के बाद दिल्ली पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जब पहले ही मामले की एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है तो जयपुर में उसी मामले पर जीरो एफआईआर दर्ज करवाना न्यायसंगत नहीं है, क्योंकि कनॉट प्लेस थाना पुलिस पहले से ही इस मामले की जांच कर रही है।



