Sunday, October 18, 2026
HomeIndiaमदन राठौड़ के पाकिस्तान वाले बयान पर सियासी घमासान, AAP ने पुतला...

मदन राठौड़ के पाकिस्तान वाले बयान पर सियासी घमासान, AAP ने पुतला फूंका, कहा- ‘पाकिस्तान भेज दो’

मदन राठौड़ के पाकिस्तान से जुड़े बयान पर राजस्थान की सियासत गरमा गई है। जयपुर में AAP ने पुतला फूंककर विरोध जताया, जबकि कांग्रेस ने भी प्रदर्शन कर इस्तीफे की मांग की। जानिए विवाद की वजह, मदन राठौड़ की सफाई और विपक्षी दलों ने क्या कहा।

जयपुर। राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान से जुड़े बयान पर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। बयान को लेकर कांग्रेस के विरोध के बाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी जयपुर में प्रदर्शन किया और राठौड़ का पुतला फूंककर नाराजगी जताई। AAP नेताओं ने उनके बयान पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की और बीजेपी पर भी निशाना साधा। दूसरी ओर, मदन राठौड़ ने सफाई देते हुए कहा है कि उनकी बात को संदर्भ से काटकर पेश किया गया। उनका कहना है कि वे युद्ध नहीं, बल्कि क्रिकेट मैच के संदर्भ में बात कर रहे थे।

कलाम जयंती के कार्यक्रम में दिया था बयान

पूरा विवाद 15 अक्टूबर को जयपुर स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ। पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के लोग भी मौजूद थे। कार्यक्रम में मदन राठौड़ ने डॉ. कलाम के जीवन, उनकी उपलब्धियों और देश के वैज्ञानिक विकास में उनके योगदान पर बात की। राठौड़ ने कहा कि भारत को परमाणु शक्ति के रूप में मजबूत बनाने में डॉ. कलाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने पोखरण परमाणु परीक्षण का जिक्र करते हुए कलाम के योगदान की सराहना की। साथ ही कहा कि कलाम जैसे वैज्ञानिक देश के लिए समर्पित थे और उन्हें बच्चों से विशेष लगाव था।

इसी कार्यक्रम के दौरान भारत-पाकिस्तान और क्रिकेट से जुड़ी चर्चा करते हुए राठौड़ का एक बयान सामने आया, जिसमें उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो भारत पाकिस्तान के साथ खड़ा होगा, क्योंकि वह पड़ोसी देश है। बयान का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।

राठौड़ ने दी सफाई, बोले- क्रिकेट मैच के संदर्भ में कही थी बात

विवाद बढ़ने के बाद मदन राठौड़ ने अपने बयान पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी बात भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के संदर्भ में थी, लेकिन वीडियो को काटकर इस तरह प्रसारित किया गया कि उसका अर्थ बदल गया। राठौड़ ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनकी छवि खराब करने के लिए बयान को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत के खिलाफ साजिश रचने वालों और आतंकवाद को बढ़ावा देने वालों से उनका या बीजेपी का कोई संबंध नहीं है। राठौड़ की सफाई के बावजूद विपक्षी दलों ने इस मुद्दे पर सवाल उठाना जारी रखा।

कांग्रेस ने भी किया विरोध, इस्तीफे की मांग

मदन राठौड़ के बयान पर कांग्रेस ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देश पर 17 अक्टूबर को प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किए गए। जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाकर विरोध जताया और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान को लेकर बीजेपी की राजनीतिक बयानबाजी और उसके प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी में विरोधाभास है। पार्टी ने कहा कि ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर सार्वजनिक मंच से बोलते समय जिम्मेदारी बरतनी चाहिए। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने हालांकि अपने बयान को क्रिकेट के संदर्भ में बताते हुए विरोधियों पर उसे गलत ढंग से पेश करने का आरोप लगाया।

AAP ने जयपुर में फूंका पुतला, विश्वेंद्र सिंह ने उठाए सवाल

कांग्रेस के विरोध के बाद आम आदमी पार्टी ने भी जयपुर में प्रदर्शन किया। AAP की संगठन महामंत्री संगीता गौड़, प्रदेश महासचिव विश्वेंद्र सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष सलीम कुरैशी सहित पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ के बयान के खिलाफ नाराजगी जताई और उनका पुतला फूंका।

प्रदर्शन के दौरान संगठन महांत्री संगीता गौड़ और विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का पद बड़ी जिम्मेदारी वाला होता है और उस पद पर बैठे व्यक्ति को अपने शब्दों की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने वायरल वीडियो सामने आने के बाद पहले उसके तथ्यों पर चर्चा की और फिर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। विश्वेंद्र सिंह ने कहा कि राठौड़ को पाकिस्तान से इतना ही प्रेम है तो उन्हें पाकिस्तान भेज दो। क्योंकि बीजेपी अक्सर यहीं कहती है कोई अगर पाकिस्तान से प्रेम करता है तो उसे पाकिस्तान भेज दो। अब राठौड़ साहब को क्यों नहीं भेज देते। वहीं संगठन महामंत्री संगीता गौड़ ने राठौड़ के बयान को केवल जुबान फिसलने का मामला मानने से इनकार किया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं के बयान राष्ट्रवाद और देशहित से जुड़े सवाल खड़े करते हैं। प्रदर्शनकारियों ने मदन राठौड़ के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग भी उठाई। ये आरोप और मांगें पार्टी नेताओं की ओर से प्रदर्शन के दौरान रखी गईं।

संगीता गौड़ बोलीं- बीजेपी बांटने का काम करती है

AAP की संगठन महामंत्री संगीता गौड़ ने भी मदन राठौड़ के बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राठौड़ ने अपने पद की गरिमा के अनुरूप बात नहीं की और बीजेपी की राजनीति पर निशाना साधा। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि देशभक्ति को लेकर बयान देने वाले नेताओं को अपने शब्दों के लिए जवाबदेह होना चाहिए।

AAP ने इस मामले को लेकर बीजेपी की राष्ट्रवाद संबंधी राजनीति पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए मदन राठौड़ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और उनके बयान को लेकर विरोध दर्ज कराया।

बयान पर सियासी घमासान जारी

मदन राठौड़ के बयान के बाद राजस्थान में बीजेपी और विपक्षी दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस और AAP जहां बयान को लेकर सवाल उठा रहे हैं, वहीं राठौड़ इसे क्रिकेट के संदर्भ में कही गई बात बताते हुए गलत तरीके से पेश किए जाने का आरोप लगा रहे हैं।

अब इस पूरे विवाद के केंद्र में दो सवाल हैं: वायरल बयान का संदर्भ क्या था और सार्वजनिक मंच से कही गई बात पर राजनीतिक जवाबदेही किस तरह तय होनी चाहिए? फिलहाल, इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी जारी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image