Karnataka CM Siddaramaiah Resign: कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने गुरुवार को ब्रेकफास्ट मीटिंग के बाद सीएम पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया. उन्होंने कहा कि वह आज दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री पद से त्याग पत्र दे देंगे. उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार इस दौरान वहां मौजूद थे. इस दौरान डिप्टी सीएम शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और एक दूसरे के गले भी लगे.
कर्नाटक कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार की फोटो शेयर करते हुए लिखा- उस दिन, आज के दिन, हमेशा के लिए…एकता ही हमारी ताकत है! जनसेवा ही हमारी शाश्वत प्रतिबद्धता है.
ಅಂದು, ಇಂದು, ಎಂದೆಂದು…
— Karnataka Congress (@INCKarnataka) May 28, 2026
ಒಗ್ಗಟ್ಟೇ ನಮ್ಮ ಶಕ್ತಿ!
ಎಂದೆಂದಿಗೂ ಜನಸೇವೆಯೇ ನಮ್ಮ ಬದ್ಧತೆ! pic.twitter.com/6WF5osxCJh
इस्तीफे से पहले रणदीप सुरजेवाला से कर सकते मुलाकात
इससे पहले मुख्यमंत्री ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय मांगा. लेकिन राज्यपाल इस समय पारिवारिक कारणों से अपने गृह नगर इंदौर गए हुए हैं. ऐसे में सिद्धारमैया राज्यपाल के दफ्तर जाकर इस्तीफा दे सकते हैं. खबरें हैं कि इस्तीफा देने से पहले सिद्धारमैया आज अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव और कर्नाटक के इनचार्ज रणदीप सुरजेवाला से मुलाकात करेंगे.
क्यों इस्तीफा देने को तैयार हुए सिद्धारमैया ?
दरअसल, कर्नाटक कांग्रेस में पिछले लंबे समय से सत्ता संतुलन को लेकर चर्चा चल रही थी. 2023 विधानसभा चुनाव के बाद से ही यह माना जा रहा था कि मुख्यमंत्री पद को लेकर ढाई-ढाई साल का फॉर्मूला तय हुआ था. डी. के. शिवकुमार समर्थक लगातार नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे थे.
मंगलवार को सिद्धारमैया और डी. के. शिवकुमार को दिल्ली बुलाया गया था, जहां राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, के. सी. वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला के साथ कई दौर की बैठकें हुईं. सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी की ओर से सीधे संदेश मिलने के बाद सिद्धारमैया नेतृत्व परिवर्तन के लिए तैयार हुए.
ये भी पढ़ें: बंदर अब्बास पोर्ट पर हमले से भड़का ईरान, अमेरिकी एयरबेस को बनाया निशाना, कुवैत पर भी दागी मिसाइलें



