Sonam Wangchuk News: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार शाम गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में मंगलवार शाम सफदरजंग अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद सोनम वांगचुक को इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच एंबुलेंस से शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया.
केंद्रीय मंत्रियों ने जाना स्वास्थ्य का हाल
सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने अस्पताल पहुंचकर वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और चिकित्सकों से उनके उपचार को लेकर चर्चा की. हालांकि मुलाकात के दौरान क्या बात हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
ICU में चल रहा सोनम वांगचुक का इलाज
मेदांता अस्पताल के एक अधिकारी के अनुसार, वांगचुक को आंतरिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. सुशीला कटारिया की देखरेख में आईसीयू-8 में भर्ती किया गया है, जहां उनकी लगातार चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद किया शिफ्ट
इससे पहले मंगलवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने वांगचुक को उनकी पसंद के अस्पताल मेदांता में स्थानांतरित करने का निर्देश दिया था. अदालत ने अस्पताल को विशेषज्ञ डॉक्टरों का एक मेडिकल पैनल गठित कर उपचार करने और उनकी सभी मेडिकल रिपोर्ट पैनल को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए थे. फिलहाल वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है.
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी के समर्थन में जयपुर समेत पूरे प्रदेश में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी



